Alpine Texworld IPO: लिस्टिंग के एक महीने में ही निवेशकों के 47% पैसे डूबे, शेयर लगातार गिरावट पर
जुलाई में शेयर बाजार में लिस्ट हुई कंपनी अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड (Alpine Texworld) के निवेशकों के लिए पहला महीना काफी निराशाजनक रहा है। लिस्टिंग के बाद से अब तक कंपनी का शेयर करीब 47 प्रतिशत तक टूट चुका…
जुलाई में शेयर बाजार में लिस्ट हुई कंपनी अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड (Alpine Texworld) के निवेशकों के लिए पहला महीना काफी निराशाजनक रहा है। लिस्टिंग के बाद से अब तक कंपनी का शेयर करीब 47 प्रतिशत तक टूट चुका है और इस पर लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का शेयर मंगलवार को 55.84 रुपए पर बंद हुआ, जो इसके 105 रुपए के इश्यू प्राइस से 46.81% कम है।
अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड का मेनबोर्ड आईपीओ 14 से 16 जुलाई, 2026 के बीच खुला था, जिसका प्राइस बैंड 100-105 रुपए प्रति शेयर था। 21 जुलाई को जब शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग हुई, तो यह 105 रुपए के आईपीओ प्राइस पर ही सपाट खुला। लेकिन पहले ही दिन शेयर में 5% का लोअर सर्किट लग गया, यानी खरीदारों से ज्यादा बिकवाल हावी हो गए।
लिस्टिंग के बाद लगातार लोअर सर्किट
लिस्टिंग के दिन शुरू हुई गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रहा। इसके बाद शेयर में लगातार सात कारोबारी सत्रों तक 5-5 प्रतिशत के लोअर सर्किट लगे। इस तेज गिरावट के चलते लिस्टिंग के सिर्फ आठ कारोबारी सत्रों में ही शेयर का भाव लगभग 69 रुपए तक लुढ़क गया था। अगस्त महीने में भी यह दबाव कम नहीं हुआ और शेयर 60 रुपए के स्तर से भी नीचे आ गया।
कंपनी के वित्तीय नतीजे और कारोबार
कंपनी ने 14 अगस्त को चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी किए थे। इस दौरान कंपनी की कुल आय 90.32 करोड़ रुपए और टैक्स चुकाने के बाद मुनाफा 4.37 करोड़ रुपए रहा। कंपनी का कुल खर्च 84.23 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। अगर पिछले पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी की कुल आय 350.18 करोड़ रुपए और मुनाफा 21.72 करोड़ रुपए था।
बता दें कि 2016 में स्थापित अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड कपड़ों की रंगाई और प्रोसेसिंग के कारोबार से जुड़ी है। कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए 126.25 करोड़ रुपए जुटाए थे, जो पूरी तरह से फ्रेश इश्यू था।
इनपुट: IANS



