AIIMS रायपुर में सीनियर रेजिडेंट के 121 पदों पर भर्तियाँ, 16 अगस्त है आवेदन की अंतिम तिथि
अगर आप मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। संस्थान ने अपने विभिन्न विभागों में तीन साल की अवधि के लिए…
अगर आप मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। संस्थान ने अपने विभिन्न विभागों में तीन साल की अवधि के लिए सीनियर रेजिडेंट (गैर-शैक्षणिक), ग्रुप-ए के कुल 121 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एम्स-रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अधिसूचना में दिए गए गूगल फॉर्म के लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इन 121 रिक्तियों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें सामान्य वर्ग के लिए 44, ओबीसी के लिए 37, एससी के लिए 20, एसटी के लिए 13 और ईडब्ल्यूएस के लिए 7 पद आरक्षित हैं।
पात्रता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल डिग्री (एमडी/एमएस/डीएनबी/डिप्लोमा) होनी चाहिए। डेंटिस्ट्री के लिए संबंधित स्पेशियलिटी में एमडीएस की डिग्री आवश्यक है। आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष रखी गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के तहत आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। वहीं, महिला, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व-सैनिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन एक बहु-चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से होगा। इसमें आवेदनों की स्क्रूटनी, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा (यदि आवश्यक हुआ) और साक्षात्कार शामिल हैं। अंतिम मेरिट सूची के आधार पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार, पे मैट्रिक्स लेवल 11 के तहत 67,700 रुपये प्रति माह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
किन विभागों में हैं रिक्तियाँ
ये भर्तियाँ 37 अलग-अलग विभागों के लिए हैं। इनमें ट्रॉमा और इमरजेंसी (10), जनरल मेडिसिन (8), जनरल सर्जरी (6), एनेस्थिसियोलॉजी (5), कम्युनिटी मेडिसिन (5), पैथोलॉजी (5), फोरेंसिक मेडिसिन (4), गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी (4), नेफ्रोलॉजी (4), ऑर्थोपेडिक्स (4), माइक्रोबायोलॉजी (4) और यूरोलॉजी (4) जैसे प्रमुख विभागों के साथ कई अन्य विभाग भी शामिल हैं।
इनपुट: IANS



