पानी के बाद बिजली फ्री, केजरीवाल सरकार का बड़ा ऐलान
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पानी के बिल की तरह बिजली की खपत को भी मुफ्त करने जा रही है।
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पानी के बिल की तरह बिजली की खपत को भी मुफ्त करने जा रही है। अब 200 यूनिट तक का इस्तेमाल करने वाले परिवारों को कोई बिल नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कॉंन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिल्लीवासियों को मुफ्त में बिजली देने ऐलान करते हुए कहा ‘’राजधानी दिल्ली में जो लोग 200 यूनिट तक बिजली का उपयोग करते हैं, उन्हें कोई बिजली बिल देने की जरूरत नहीं है।‘’ बता दें कि इस छूट से सब्सिडी पर लगभग 1800 करोड़ रूपये का खर्च आएगा, जो पहले थे। केजरीवाल ने कहा कि 2013 से पहले 200 यूनिट के लिए 900 रुपया देना पड़ता था। अब 200 यूनिट के लिए कोई पैसे नहीं देने होंगे। केजरीवाल ने कहा कि जो लोग 201 से 400 यूनिट खर्च करते हैं उन्हें आधा बिल वसूला जाएगा यानी उन्हें बिजली पर पचास फीसदी की छूट दी जाएगी।

दिल्ली सीएम केजरीवाल ने कहा कि कल तक 200 यूनिट का इस्तेमाल करने पर लोगों को 622 रूपये देने होते थे, लेकिन अब यह पूरी तरह फ्री है। वहीं, 250 यूनिट का इस्तेमाल करने पर लोगों को 800 रूपये देने होते थे, अब उन्हें 252 रूपये देने होंगे। 300 यूनिट के लिए 971 रूपये देने पड़ते थे, अब उन्हें 526 देने होंगे। वहीं 400 यूनिट के लिए दिल्लीवालों को 1320 रूपये देने होते थे, मगर सब्सिडी के बाद अब उन्हें 1025 रूपये देने होंगे।
इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में बिजली का रेट बढ़ा और दिल्ली में रेट कम हुआ। यह एक चमत्कार है। दिल्ली की बिजली कंपनियों का घाटा कम हुआ है, उनके पास पैसा है और उनकी हालत में सुधार हुआ है। पिछले 4 सालों में इन्फ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार हुआ है। पूरी दिल्ली में 24 घंटे बिजली का इंतजाम किया है। अब पावर कट लगने बंद हो गए हैं।



