एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में अप्रेंटिसशिप का मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन
अगर आप इंजीनियरिंग या अन्य विषयों में ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारक हैं और एक प्रतिष्ठित संस्थान में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं, तो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। AAI…
अगर आप इंजीनियरिंग या अन्य विषयों में ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारक हैं और एक प्रतिष्ठित संस्थान में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं, तो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। AAI के पश्चिमी क्षेत्रीय मुख्यालय, मुंबई ने विभिन्न ट्रेड्स में अप्रेंटिस के 36 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 30 सितंबर तक अप्लाई कर सकते हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (NATS) के पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। चयनित उम्मीदवारों को एक साल की ट्रेनिंग के दौरान हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। ग्रेजुएट अप्रेंटिस को ₹15,000 प्रति माह और डिप्लोमा अप्रेंटिस को ₹12,000 प्रति माह मिलेंगे।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से फुल-टाइम रेगुलर डिग्री (4 वर्षीय) या डिप्लोमा (3 वर्षीय) होना अनिवार्य है। उम्र की बात करें तो, 31 जुलाई को आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 26 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया
कुल 36 रिक्तियों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 30 पद और डिप्लोमा अप्रेंटिस के 6 पद शामिल हैं। इनमें फाइनेंस, इलेक्ट्रिकल, सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और एचआर जैसे क्षेत्र हैं। उम्मीदवारों का चयन क्वालिफाइंग परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर बनी मेरिट लिस्ट, इंटरव्यू, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा।
इनपुट: IANS



