‘रिसेप्शन पर लड़की बैठी थी, उसी हाल में जली मिली‘: दिल्ली अग्निकांड में 21 मौतें, नाराज लोग बोले- रिहायशी इलाका कैसे होटल हब बना h3>
सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच। दिल्ली के हौजरानी में रहने वाले मोहम्मद शाहरुख काम पर जा रहे थे। मालवीय नगर पहुंचे, तो फ्लरिश स्टे होटल से धुआं निकलता दिखा। भागकर होटल के पास पहुंचे, देखा चाचा और भाई अंदर फंसे लोगों को बचाने के इंतजाम कर रहे हैं। दोनों
.
शाहरुख बताते हैं कि गद्दे लगाते ही होटल की खिड़की से सबसे पहले स्टाफ कूदकर बाहर आया। उन्हीं से पता चला कि अंदर 40 से ज्यादा लोग फंसे हैं। इनमें से ज्यादातर विदेशी हैं। कुछ गेस्ट सो रहे हैं, उन्हें आग लगने की खबर भी नहीं है। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस बुलाई। आसपास जाम था, इसलिए फायर ब्रिगेड की टीम को पहुंचने में थोड़ा वक्त लग गया।
आग में झुलसकर 21 लोगों की मौत हुई, जिसमें 11 विदेशी नागरिक हैं। ये बांग्लादेश और अफ्रीकी देशों के हैं।
एक के ऊपर एक 5-6 गद्दे लगाए, 8 ने कूदकर जान बचाई
होटल के सामने अरमान खान की गद्दे की दुकान है। वे बताते हैं, ‘होटल के ग्राउंड फ्लोर पर भीषण आग लगी थी। न कोई अंदर जा सकता था और न बाहर निकल सकता था। होटल के तीनों फ्लोर पर फंसे लोग खिड़कियों से कूदने की कोशिश कर रहे थे। हमने दुकान से गद्दे निकाले और होटल के पास 5 से 6 गद्दे एक के ऊपर एक करके लगा दिए। करीब 8 लोगों ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई।‘
‘तब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझानी शुरू कर दी थी। आग बुझी, तो हम 10-12 लोग होटल के अंदर गए। धुएं में दम घुटने की वजह से अंदर कई लोग बेहोश पड़े थे। उन्हें चादरों में लपेटकर बाहर लाया गया। हमने करीब 40-45 लोगों को निकाला। अंदर जो जैसे बैठा या लेटा था, वैसे ही जलकर खाक हो गया था।‘
‘पहले फ्लोर से एक महिला हेल्प-हेल्प की आवाज दे रही थी। हम सब कई लोग रेस्क्यू में लगे थे, इसलिए पता नहीं कि महिला बची या नहीं।‘ होटल में गेस्ट के साथ स्टाफ भी था क्या। इस पर अरमान बताते हैं, ‘हमें शुरू में ही स्टाफ के लोग दिखे। फिर वो कहां गए, पता नहीं।‘
होटल की पहली और दूसरी फ्लोर से कई लोगों ने कूदकर जान बचाई। इस दौरान कई लोगों के हाथ-पैर में चोटें भी आई हैं।
रिसेप्शन पर बैठी लड़की, उसी हाल में जली मिली
रेस्क्यू में शामिल आमिर खान बताते हैं, ‘ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर भयानक आग लगी थी। बुझने के बाद भी मंजर इतना भयानक था कि कमजोर दिल वाला इंसान अंदर का हाल नहीं देख सकता। अंदर इतना धुआं भरा था कि सांस लेना मुश्किल था। फर्स्ट फ्लोर के रिसेप्शन पर बैठी लड़की हमें उसी हालत में जली मिली।’
‘बेसमेंट तक आग नहीं पहुंची थी, इसलिए हम शटर काटकर वहां फंसे लोगों को देखने पहुंचे, लेकिन अंदर बहुत अंधेरा था। हमने बाथरूम और कमरों से लोगों को ढूंढकर निकाला। ज्यादातर बेहोश थे। करीब 20 से 25 लोगों को चादरों के जरिए बाहर लाए। इनमें ज्यादातर विदेशी गेस्ट थे, सिर्फ 3 ही भारतीय थे। इनमें से कई लोगों को सीपीआर देकर हॉस्पिटल भेजा।
दो लेन की सड़क पर गाड़ियां खड़ीं, फायर ब्रिगेड कैसे आए होटल के पास मेडिकल शॉप चलाने वाले शैलेंद्र तिलक बताते हैं, ‘मैक्स अस्पताल की वजह से इलाके में हमेशा भीड़ रहती है। यहां दूसरे देशों से लोग इलाज कराने के लिए आते हैं। मरीज के साथ जो परिवार वाले आते हैं, वो इन्हीं होटलों में रुकते हैं। पिछले 6-7 साल से यहां के 10-12 होटल इन्हीं लोगों से चल रहे हैं।‘
ट्रैफिक जाम के चलते टाइम पर फायर ब्रिगेड न पहुंचने पर वे कहते हैं, ‘यहां 6 लेन की सड़क पास हुए 40 साल बीत गए, लेकिन उस पर अब तक अमल नहीं हो सका। दो लेन की सड़क पर गाड़ियां खड़ी रहती हैं, इसलिए गाड़ियों के आने-जाने के लिए भी रास्ता नहीं होता।‘
होटल की खिड़की पर मदद के लिए खड़ी विदेशी महिला। हादसे में मरने वालों में ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं।
रिहायशी इलाका बना होटल हब, सेफ्टी इंतजाम भी नहीं इस घटना के बाद हौजरानी में रहने वाले लोग रिहायशी इलाके में होटल चलाने पर सवाल उठा रहे हैं। शाहीन खान कहती हैं कि यहां BNB (ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट) सर्टिफाइड होम स्टे के नाम पर होटल चल रहे हैं। इनमें ज्यादातर विदेशी गेस्ट ठहरते हैं, जिनमें साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान से आने लोग ज्यादा है। गेट नंबर-1 पर होटल रजिस्टर देखेंगे, तो करीब 20 होटलों का रिकॉर्ड मिल जाएगा।
BNB के तहत 5 से 6 कमरों के होम स्टे चलाने की परमिशन होती है, लेकिन उसके सर्टिफिकेट पर यहां 25 कमरे का 3 से 4 मंजिला होटल चल रहा है। इनमें न फायर सेफ्टी के इंतजाम हैं और न इमरजेंसी एग्जिट। पिछले कुछ सालों में पुराने घर होटल की नई बिल्डिंग में बदल गए हैं।
फ्लरिश स्टे में आग लगने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है।
सिर्फ 500 मीटर के दायरे में 8 से 10 होटल मालवीय नगर के जिस फ्लरिश स्टे होटल में आग लगी, उसके 400 से 500 मीटर के दायरे में 8 से 10 होटल हैं। वहीं, 100 मीटर के दायरे में फ्लरिश स्टे समेत तीन होटल हैं। तीनों के मालिक लवकेश बजाज ही हैं। इनके नाम-
1- फ्लरिश स्टे 2- फ्लरिश इन गेस्ट हाउस 3- ग्रीन रेजीडेंसी होटल
इनमें फायर सेफ्टी समेत सुरक्षा इंतजाम देखने के लिए हम फ्लरिश इन गेस्ट हाउस पहुंचे। फ्लरिश स्टे की तरह यहां भी बेसमेंट में 5 कमरे और किचन मिला। बेसमेंट में न कोई फायर एक्सटिंग्विशर लगा मिला, न ही वेंटिलेशन का इंतजाम था।
बेसमेंट में एंट्री और एग्जिट के लिए एक संकरा सा गेट है, जिसमें एक बार में एक व्यक्ति ही निकल सकता है। इसके अलावा कोई इमरजेंसी एग्जिट नहीं है। एक व्यक्ति के आने-जाने लायक कॉरिडोर है और इसी से कमरों में जाने का रास्ता है।
फ्लरिश इन होटल के बेसमेंट में कॉरिडोर इतना संकरा है कि एक साथ दो लोगों के लिए निकलना भी मुश्किल है।
बेसमेंट के ऊपर 3 फ्लोर हैं। हर फ्लोर पर 6-6 कमरे हैं और बाहर दो-दो फायर एक्सटिंग्विशर लगे हैं, लेकिन वेंटिलेशन ऊपर के फ्लोर पर भी नहीं है। विंडो में फिक्स ग्लास लगे हैं, जिसे इमरजेंसी की स्थिति में तोड़कर निकलने के सिवा बाहर जाने का कोई रास्ता नहीं है।
जब हम अंदर पहुंचे, तो होटल खाली मिला। अंदर कोई स्टाफ नहीं था। एक कमरे में बुजुर्ग रुके हुए थे, लेकिन वे बातचीत करने के लिए तैयार नहीं हुए।
……………. ये खबर भी पढ़ें…
बेसमेंट में कमरे और किचन, ना वेंटिलेशन, ना इमरजेंसी एग्जिट
दिल्ली के जिस फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार को आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई, उसका मालिक पास में ऐसे ही दो और होटल चला रहा है। लवकेश बजाज के इन दोनों होटलों में बेसमेंट के अंदर ही किचन और कमरे हैं। इनमें इमरजेंसी एग्जिट भी नहीं है। पूरी खबर पढ़िए…






