साइकिल पर निकले पुलिस अधिकारी, योगा भी किया: कांग्रेसियों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर पिलाया पानी, पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें – Jodhpur News h3>
जोधपुर में संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत रविवार को पुलिसकर्मी साइकिल पर निकले। इस दौरान अधिकारियों ने योग और जुम्बा भी किया। वहीं कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों पर लोगों के लिए जल सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल पुलिस कमांडो ट्रेनिंग स्कूल (एसवीपीपीसीटीएस), जोधपुर में कमांडेंट जोगेन्द्र सिंह भाटी के निर्देशन में फिट इंडिया मिशन के तहत संडे ऑन साइकिलिंग का आयोन किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक जयकिशन के नेतृत्व में साइकिलिंग, योग एवं जुंबा समेत अन्य फिटनेस गतिविधियां भी हुई। कार्यक्रम में 177 स्टाफ सदस्य एवं प्रशिक्षणार्थियों के साथ 10 आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र (आरपीटीसी), जोधपुर के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत द्वारा आरपीटीसी, पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) और SVPPCTS, जोधपुर के साइकिलिंग प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नियमित व्यायाम, साइकिलिंग एवं योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें… आरटीपीसी में भी हुआ संडे ऑन साइकिलिंग इसी तरह राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र (आरपीटीसी), जोधपुर में रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत साइकिल रैली एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, जोधपुर के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक देवेन्द्र विश्नोई के मुख्य आतिथ्य एवं प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत के विशिष्ट आतिथ्य में हरी झंडी दिखाकर और गुब्बारे उड़ाकर किया गया। उन्होंने बताया कि आयोजित साइकिल रैली पुलिस प्रशिक्षण स्कूल से शुरू होकर मंडोर होते हुए वापस राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली में राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, पुलिस प्रशिक्षण स्कूल और सरदार वल्लभभाई पटेल पुलिस कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग एवं व्यायाम गतिविधियों से बढ़ाया स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता रैली के बाद प्रतिभागियों के लिए योग, जुम्बा, रोप स्किपिंग एवं मेडिसिन बॉल व्यायाम जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। संस्थान के योग प्रशिक्षक इन्द्र सिंह और करण सिंह ने प्रतिभागियों को ध्यान, प्राणायाम तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इसके बाद संस्थान के भरत सिंह, नारायण सिंह एवं पुराराम ने सभी प्रतिभागियों को जुम्बा, रोप स्किपिंग तथा मेडिसिन बॉल व्यायाम करवाया। इस दौरान तीनों प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने संगीत की धुन पर विभिन्न व्यायाम गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस का आनंद लिया। ये रहे उपस्थित कार्यक्रम में आरपीटीसी, जोधपुर के कमांडेंट गोपाल सिंह भाटी, पुलिस प्रशिक्षण स्कूल, जोधपुर के कमांडेंट रविराज सिंह, कमांडो स्कूल के कमांडेंट जोगेंद्र सिंह, आरपीटीसी के नोडल अधिकारी प्रेमप्रकाश, पीटीएस के नोडल अधिकारी चक्रवर्ती सिंह, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के हनवंत सिंह राठौड़, संस्थान के संचित निरीक्षक गोविन्द सिंह खिंची, पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, सुरेश बारोलिया सहित तीनों प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप पुलिस अधीक्षक निशा भटनागर एवंभंवर सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस निरीक्षक श्री पंकज राज माथुर ने किया। कॉलोनियों में शिकायतों की जांच, लीकेज को किया दूर पीएचईडी विभाग की ओर से गोलनाड़ी एवं वीर तेजा नगर, बासनी सांगरिया में पानी संबंधी शिकायतों का समाधान किया गया। गोलनाड़ी क्षेत्र के निवासी गजेसिंह शर्मा की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि उनके यहां कम प्रेशर में और गंदा पानी आ रहा है। इस पर एसई राजेन्द्र मेहता के निर्देशानुसार सहायक अभियंता प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता पंकज सैनी एवं विभागीय टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए लगातार तीन दिनों तक जलापूर्ति की निगरानी और जांच की गई। निरीक्षण में अजय चौक के पास पाइप लाइन में लीकेज मिला। जिसे टीम की ओर से सही किया गया। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) एवं सोशल मीडिया माध्यम से वीर तेजा नगर, बासनी सांगरिया क्षेत्र में पेयजल में गंदा पानी आने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत प्राप्त होते ही विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कॉलोनी के कई घरों में बंदा पानी आ रहा है। इस पर सांगरिया ग्राम सेवक से कॉर्डिनेट कर सीवरेज की ओवरफ्लो हौदियों को साफ करवाया गया। काम पूरा होने के बाद 6 जून को दोबारा इस एरिया में पानी की सप्लाई की गई। एसई राजेन्द्र मेहता ने बताया कि पानी की समस्याओं को लेकर आने वाली शिकायतों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा शहर के 9 प्रमुख चौराहो पर आमजन के लिए जल सेवा कार्यक्रम शहर में आमजन को गर्मी से राहत के लिए एक दिवसीय जल सेवा कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने भाग लिया। राहगीरों को शीतलपेय और पानी की बोतलें वितरित की गई। भीषण गर्मी में शहर के प्रमुख चौराहो पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा एवं पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार के सानिध्य में अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष फिरोज फेम के नेतृत्व में नई सड़क चौराहा, आखलिया चौराहा, बॉम्बे मोटर्स सहित शहर के 9 प्रमुख चौराहो पर आमजन को गर्मी से निजात के लिए शीतल ठंडा पेय एवं पानी की बोतलें वितरित की गई। वहीं जगह-जगह ठंडे पानी के केम्पर लगाकर जल सेवा कार्य किए गए। इस मुहिम में अल्पसंख्यक कमेटी कई सदस्यों ने भागीदारी निभाई।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews