नेहरू हॉस्टल के पास बिजली टॉवर हटाने का काम शुरू: विधायक ताराचंद जैन की पहल पर हटाए जा रहे, जल्द बनकर तैयार होगी सर्विस रोड – Udaipur News h3>
उदयपुर के नेहरू हॉस्टल के पास बन रही सर्विस रोड का रास्ता अब पूरी तरह साफ होने जा रहा है। रोड के बीच में बाधा बन रहे बिजली के बड़े टॉवरों को हटाने और उन्हें शिफ्ट करने का काम बुधवार से शुरू कर दिया गया है। इन टॉवरों के हटने के बाद सड़क निर्माण के काम में तेजी आएगी और यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल, हिरणमंगरी सेक्टर 3, डोरे नगर और लालमंगरी जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों को लंबे समय से एक बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता था। इन इलाकों में जाने के लिए लोगों को सेवाश्रम ओवरब्रिज के पास से रोंग साइड यानी गलत दिशा में गाड़ी चलानी पड़ती थी। इसकी वजह से यह पूरा इलाका एक ‘एक्सीडेंट जोन’ बन चुका था और यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते थे। लोगों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती थी। स्थानीय निवासियों ने अपनी इस जानलेवा परेशानी के बारे में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन को बताया। विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय प्रशासन और राजभवन के साथ लगातार पत्र व्यवहार किया। विधायक की कोशिशें रंग लाईं और नेहरू हॉस्टल की कुछ जमीन सड़क बनाने के लिए मिल गई। इसके बाद उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) के माध्यम से यहां सर्विस रोड बनाने का काम शुरू करवाया गया। विधायक जैन ने बताया कि रोड का काम शुरू होने के बाद भी एक बड़ी तकनीकी समस्या सामने आ रही थी। सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली की हाईटेंशन लाइनों के टॉवर खड़े थे, जिसकी वजह से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। स्थानीय लोगों ने जब विधायक को जानकारी दी कि टॉवरों की वजह से काम रुक गया है, तो उन्होंने तुरंत बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) केसी मीणा से बात की और इन टॉवरों को जल्द से जल्द दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए। विधायक ताराचंद जैन के निर्देश के बाद बुधवार को बिजली विभाग की टीम भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और टॉवरों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टॉवर शिफ्ट होने के बाद अगले कुछ ही दिनों में सर्विस रोड का बचा हुआ काम पूरा कर लिया जाएगा। इस रोड के बनने से लोगों को अब रोंग साइड चलने की जरूरत नहीं होगी, जिससे हादसों पर लगाम लगेगी और ट्रैफिक भी सुचारू हो सकेगा।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews