कार से कुचलने की कोशिश, प्रधान आरक्षक घायल: इंदौर में रुकने को कहा तो भागा भाजपा नेता का बेटा, कार से मिली संदिग्ध चीज – Indore News h3>
इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम पर भाजपा नेता के बेटे ने कार चढ़ाने की कोशिश की।
इंदौर में एक युवक ने पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान एक बाइक उसकी गाड़ी के नीचे आ गई। गाड़ी में ड्रग्स होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम दबिश देने पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक कार से कुछ संदिग्ध चीज मिली है, जिसकी जांच
.
ये घटना शनिवार दोपहर को तुकोगंज इलाके की है। कार में चेकिंग के दौरान युवक ने टीम के साथ बहस भी की। कार में उसके साथ एक युवती भी थी। आरोपी युवक का नाम माज खान बताया जा रहा है, जो भाजपा नेता कमाल खान का बेटा है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया-
क्राइम ब्रांच को एक गाड़ी में ड्रग्स की सूचना मिली थी। जिस पर टीम धेनु मार्केट क्षेत्र में पहुंची थी। इस दौरान युवक को गाड़ी रोकने का बोला तो उसने टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर दी। इस दौरान युवक की कार एक बाइक पर चढ़ गई। इस बात को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है।
डीएसपी ने बताया कि कार से टीम को संदिग्ध वस्तु मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि वह क्या है।
क्राइम ब्रांच ने युवक को रुकने का बोला तो उसने कार आगे बढ़ा दी, जिसकी चपेट में बाइक आ गई।
क्राइम ब्रांच की टीम के सामने किया हंगामा आरोपी युवक माज खान ने जमकर हंगामा भी किया। वह पुलिसकर्मियों के साथ बहस और बदतमीजी करने लगा। इस मामले की जानकारी जब क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मिली तो उन्होंने मामले में संज्ञान लिया। अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ तुकोगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपी माज खान अभी क्राइम ब्रांच की हिरासत में है, उससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी माज खान ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ बदतमीजी भी की।
कार चढ़ाने की कोशिश, एक प्रधान आरक्षक हुआ घायल क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक दीपक थापा ने तुकोगंज थाने में शनिवार रात FIR दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को आरक्षक कैलाश कुमार भंवर के साथ मैं ड्यूटी पर था। दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार (MP09-WB0860) में माज खान कोई संदिग्ध पदार्थ लेकर आ रहा है। मैंने अधिकारियों और थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान को अवगत कराया। उन्होंने तुरंत रवाना होने को कहा।
मैं इसके बाद आरक्षक अमित शर्मा, कैलाश भंवर, हरीश चौधरी और रेनुका के साथ रीगल चौराहे पर स्थित खादीवाला पेट्रोल पंप पर खड़े हो गए। 3.15 बजे ब्रिज से सफेद रंग की कार (MP09-WB0860) आती हुई दिखाई दी।
हमने पीछा किया तो कार पाकीजा के बगल से धेनु मार्केट की तरफ मुड़ गई। उसे रोकने के दौरान माज खान ने मेरी बाइक पर कार चढ़ाने की कोशिश की। मैं और आरक्षक कैलाश कुमार ने खुद को बचाया। लेकिन, माज ने गाड़ी रिवर्स लेकर फिर हम पर चढ़ाने का प्रयास किया। बाइक उसकी कार के नीचे आ गई। मेरे दोनों पैरों से खून निकलने लगा।
तभी हमारी टीम के अन्य सदस्य और थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान वहां पहुंच गए। उन्होंने घेराबंदी कर कार की तलाशी। आरोपी माज खान के साथ एक महिला भी कार में बैठी थी। कार के डैश बोर्ड की दराज में संदिग्ध सफेद पाउडर मिला है।



