भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उनके पास से देशी राइफल, जिंदा कारतूस, बिदोलिया, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
डीएसपी चंद्र भूषण सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के दो युवक इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर उसे वायरल कर रहे थे। मामला संज्ञान में आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की योजना बनाई गई।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुमारपुर गांव से अनंत कुमार (पिता- चंदन विंद) और शोहित कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अन्य साथी मिथुन कुमार निवासी शिवनंदनपुर का नाम बताया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मिथुन के घर पर छापेमारी की, जहां से एक देशी राइफल, दो जिंदा कारतूस, बिदोलिया, दो एटीएम कार्ड और रील बनाने में इस्तेमाल किए गए एप्पल व सैमसंग के मोबाइल फोन बरामद किए गए। हालांकि, मिथुन कुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
पढ़ें; घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, शोर सुनकर ग्रामीणों ने कर दी आरोपी की पिटाई; हुई मौत
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस छापेमारी अभियान में सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, एसआई संजय कुमार मंडल, सागर कुमार, अक्षय कुमार, योगेंद्र चौधरी सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।