मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: योगी बोले- बंटे तो बहन-बेटियां खामियाजा भुगतेंगी; महिंद्रा बोले- वर्क क्वालिटी जरूरी, घंटे नहीं; टीम इंडिया में शमी इन, पंत आउट h3>
- Hindi News
- National
- NEWS 4 SOCIALMorning News Brief; California Wildfire | Ayodhya Ram Mandir
36 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ की रही। एक खबर दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी रही।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ में युवाओं से बात करेंगे। आयोजन में 3 हजार युवा हिस्सा लेंगे।
- भारत और आयरलैंड के बीच राजकोट में दूसरा विमेंस वनडे सुबह 11 बजे से खेला जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. दिल्ली चुनाव: केजरीवाल बोले- बिधूड़ी दिल्ली BJP के CM फेस; शाह बोले- केजरीवाल ने अन्ना जैसे संत का इस्तेमाल किया
AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर BJP पर आरोप लगाए। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन को संबोधित किया।
AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने BJP के CM फेस को लेकर दावा किया। केजरीवाल ने कहा, ‘मैं तहे दिल से रमेश बिधूड़ी को भाजपा का CM चेहरा बनने पर बधाई देता हूं। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह ने पूछा, ‘क्या केजरीवाल बीजेपी का CM चेहरा घोषित कर सकते हैं? ‘ शाह ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा-
जिन लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया। अन्ना जैसे संत पुरुष को आगे करके सत्ता में आए, उन्होंने इतना भ्रष्टाचार किया कि सारे रिकॉर्ड टूट गए।
BJP की दूसरी लिस्ट में 29 नाम: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर BJP ने 29 कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी की। 5 महिलाओं को टिकट दिया गया है। कपिल मिश्रा को करावल नगर से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने अब तक 58 और कांग्रेस ने 48 उम्मीदवार घोषित किए हैं। AAP सभी 70 सीटों पर कैंडिडेट उतार चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ; योगी बोले- बंटेंगे तो अंजाम धर्मस्थल भुगतेंगे, बहन-बेटियां भुगतेंगी
पंचामृत अभिषेक के बाद रामलला का 5 पुजारियों ने श्रृंगार किया, आभूषण पहनाए और फूलों से सजावट की।
अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ मनाई गई। रामलला को सोने की बुनाई वाले पीतांबर वस्त्र पहनाए गए। CM योगी भी पूजा में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘जातीयता की खाइयां चौड़ी होंगी। क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजित होंगे, तो इसका खामियाजा हमारे पूज्य धर्म स्थलों को भुगतना होगा। बहन-बेटियों को भुगतना होगा।’
22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा हुई थी: रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ तारीख से नहीं बल्कि तिथि से मनाई जा रही है। ये तिथि पौष महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी है, जो इस बार 11 जनवरी को थी। 22 जनवरी 2024 को भी यही तिथि थी। ये तिथि 31 दिसंबर 2025 को भी आ रही है। इस पर रामलला मंदिर अयोध्या के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का कहना है
साल में दो बार प्रतिष्ठा उत्सव मनेगा या नहीं, इस बारे में विचार नहीं किया गया है। अगली बार जब पौष शुक्ल द्वादशी आएगी तब विचार किया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. महाकुंभ में 13 साल की बच्ची का संन्यास वापस; महंत 7 साल के लिए अखाड़े से निष्कासित प्रयागराज महाकुंभ में दीक्षा लेने वाली 13 साल की लड़की का संन्यास 6 दिन में ही वापस हो गया। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा ने दीक्षा दिलाने वाले महंत कौशल गिरि को अखाड़े से 7 साल के लिए निष्कासित कर दिया। अखाड़े के संरक्षक हरि गिरि महाराज ने कहा, ‘यह अखाड़े की परंपरा नहीं रही है कि किसी नाबालिग को संन्यासी बना दें।’
क्या है पूरा मामला: आगरा की रहने वाली नाबालिग लड़की 5 दिसंबर को परिवार के साथ महाकुंभ आई। नागाओं को देखकर संन्यास लेने का फैसला किया। बेटी की जिद पर माता-पिता ने उसे जूना अखाड़े के महंत कौशलगिरि को दान कर दिया। संन्यास के बाद उसका नाम बदलकर नया नाम रखा गया। 19 जनवरी को नाबालिग का पिंडदान होना था। दरअसल, संन्यासी बनने के दौरान खुद का पिंडदान करने की परंपरा है। लेकिन पिंडदान से पहले अखाड़े ने फैसला पलट दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. आनंद महिंद्रा बोले- काम की क्वालिटी जरूरी, घंटे नहीं; म्यूचुअल फंड कंपनी CEO बोलीं-हफ्ते में 100 घंटे काम किया, तब दुखी थी, बाथरूम में रोती थी
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के चेयरमैन SN सुब्रह्मण्यन ने एम्प्लॉइज को हफ्ते में 90 घंटे काम करने की सलाह दी थी। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने इसे गलत बताया। उन्होंने कहा- (कोट प्लेट) काम में क्वालिटी जरूरी है, क्वांटिटी नहीं। मैं इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और अन्य लोगों का बहुत सम्मान करता हूं। मुझे गलत ना समझा जाए। काम के घंटे बढ़ाना एक गलत बहस है।
एडलवाइस म्यूचुअल फंड की MD और CEO राधिका गुप्ता ने भी सुब्रह्मण्यन की सलाह को गलत बताया। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैंने अपनी पहली नौकरी के दौरान अपने पहले प्रोजेक्ट पर लगातार 4 महीने तक हर हफ्ते 100 घंटे काम किया। लेकिन, मैं 90% समय दुखी रहती थी। मैं ऑफिस के बाथरूम में जाकर रोती थी।’ पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित; मोहम्मद शमी की एक साल बाद वापसी; बुमराह-सिराज को आराम BCCI ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित की। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हुई है। वह वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के 14 महीने बाद इंटरनेशनल मैच खेलेंगे। वहीं, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऋषभ पंत को टीम में जगह नहीं मिली, उनकी जगह ध्रुव जुरेल बैकअप विकेटकीपर होंगे।
भारत की टी-20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर।
वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम का ऐलान नहीं हुआ है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. संजय राउत बोले- महाराष्ट्र निकाय चुनाव अकेले लड़ेंगे; कांग्रेस और शरद पवार से गठबंधन नहीं शिवसेना (UBT) ने महाराष्ट्र निकाय चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, ‘हम मुंबई और नागपुर महानगरपालिका अपने दम पर लड़ेंगे; जो भी होगा, हमें खुद देखना होगा’ राउत ने शुक्रवार को कहा था, ‘I.N.D.I.A. गठबंधन की तरह महाराष्ट्र चुनाव में भी MVA के बीच कोई तालमेल नहीं था।’
गठबंधन की आखिरी बैठक 7 महीने पहले हुई: I.N.D.I.A. ब्लॉक बनने के बाद इसकी 6 बैठकें हुई हैं। पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसे नीतीश कुमार ने बुलाया था। बाद में नीतीश I.N.D.I.A. ब्लॉक छोड़कर NDA में शामिल हो गए थे। आखिरी बैठक 1 जून, 2024 को हुई थी। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे ने 295 सीटें जीतने का दावा किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. कैलिफोर्निया की आग में अब तक 11 की मौत; लॉस एंजिलिस में ₹11.6 लाख करोड़ का नुकसान
लॉस एंजिलिस में लगी आग में 288 करोड़ रुपए कीमत की एक प्रॉपर्टी भी खाक हो गई। इसे दुनिया की सबसे महंगी प्रॉपर्टी में शुमार किया जाता था।
अमेरिका में कैलिफोर्निया राज्य के लॉस एंजिलिस (LA) के जंगलों में 5 दिन से आग लगी है। इसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति जो बाइडेन का कहना है कि कई लोग लापता हैं। आग से अब तक करीब 11.6 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- नेशनल: कोरोना वायरस जैसे HMPV के देश में 16 केस: असम में 10 महीने का बच्चा पॉजिटिव, गुजरात में सबसे ज्यादा 4, महाराष्ट्र में 3 मामले (पढ़ें पूरी खबर)
- राजस्थान: जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट बनेंगे घर के पास, पंचायत भी बदल सकेंगे: राजस्थान में बदलेगा पंचायती राज का ढांचा, 20 जनवरी से शुरू होगा पुनर्गठन (पढ़ें पूरी खबर)
- असम खदान हादसा: छठे दिन 3 शव मिले: 5 मजदूर अब भी 300 फीट गहरी खदान में फंसे; वाटर लेवल 6 मीटर घटा, रेस्क्यू जारी (पढ़ें पूरी खबर)
- क्राइम: 5 साल में 60 से ज्यादा लोगों ने यौन शोषण किया: केरल में दलित युवती का दावा, कहा- 13 साल की उम्र में पहली बार दुर्व्यवहार हुआ (पढ़ें पूरी खबर)
- बिजनेस: अमेरिका-जापान ने रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाए: 2 भारतीय कंपनियों पर भी बैन; कच्चे तेल की कीमत 3% बढ़कर 80 डॉलर बैरल पार (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: बाइडेन बोले- मैं चुनाव में ट्रम्प को हरा सकता था: पार्टी की एकजुटता के लिए दावेदारी छोड़ी; 15 जनवरी को विदाई भाषण देंगे (पढ़ें पूरी खबर)
कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ: अस्थाई ‘विद्या कुंभ’ में पढ़ रहे सफाईकर्मियों के बच्चे; आज कलाग्राम का उद्धाटन होगा
प्रयागराज में 13 जनवरी से महाकुंभ शुरू हो रहा है। महाकुंभ में रोज क्या हो रहा है और अगले दिन क्या होने वाला है, उससे जुड़ी सारी जरूरी जानकारी के लिए हर सुबह देखिए ‘कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ’। पूरी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…
अब खबर हटके…
DRDO का ‘हिमकवच’ -60 डिग्री में गर्म रखेगा
DRDO ने मल्टीलेयर हिमकवच की ये तस्वीर अपने X अकाउंट पर शेयर की है।
DRDO ने मल्टीलेयर हिमकवच का ट्रायल पूरा किया। हिमकवच -60 डिग्री सेल्सियस में भी शरीर को गर्म रखेगा। यह सियाचिन जैसे हाई एल्टीट्यूड इलाकों में तैनात सेना के जवानों के लिए मददगार साबित होगा। इसे 20 से -60 डिग्री के तापमान वाले मौसम में पहना जा सकता है।
NEWS4SOCIALकी एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
मेष राशि वालों के दिन की शुरुआत अच्छी होगी। वृष राशि वालों को रुका पैसा मिल जाने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। जानिए आज का राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक NEWS4SOCIALऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…



