Advertising
Home Breaking News Hindi आईपीएल 2018: टूर्नामेंट के बीच में ही गंभीर ने लिया दिल दहला...
Advertising
<

आईपीएल 2018: टूर्नामेंट के बीच में ही गंभीर ने लिया दिल दहला देने वाला फैसला, मुंबई के बल्लेबाज़ को मिला औहदा

187

इस साल के आईपीएल टूर्नामेंट में दिल्ली डेयरडेविल्स के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इस टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने अपना पद त्याग दिया है. गंभीर के कप्तानी छोड़ने के बाद उनकी जगह मुंबई के युवा बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को दिल्ली की कप्तानी सौंपी गई है.  लेकिन गंभीर कप्तानी छोड़ने के बावजूद एक खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा बने रहेंगे.

टूर्नामेंट के बीच में अचानक से दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी छोड़ने निर्णय पर बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि ‘यह मेरा निर्णय था. मैंने टीम के लिए पर्याप्त योगदान नहीं दिया है. कप्तान होने के नाते मुझे ज़िम्मेदारी लेनी थी. मुझे लगता है कि यह सही समय था.’

मैं दबाव नही झेल पाया

गंभीर ने कहा, ‘मैं कप्तानी का दबाव नहीं झेल पा रहा था, इसलिए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. यह मेरा अपना फैसला है. मुझ पर फ्रेंचाइज़ी का कोई दबाव नहीं है. मैंने अपने इस फैसले के बार में अपनी पत्नी से भी बात की थी.’ गंभीर ने कहा, हो सकता है कि मैं चीजों को बदलने के लिए अधिक बेताब था और इसका उलटा असर पड़ा. यह एक कारण हो सकता है. मैं दबाव नहीं झेल पा रहा था और जब आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो फिर आपको ज़िम्मेदारी लेनी होती है.’

गंभीर ने कहा , ‘मैंने अकेले में इस पर गहन विचार किया. मैं दबाव नहीं झेल पा रहा हूं. मैं इसके लिए बहुत अच्छी स्थिति में नहीं हूं.’  गंभीर के इस फैसले की सूचना देने के लिए बुलायी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली डेयरडेविल्स फ्रेंचाइज़ी के सीईओ हेमंत दुआ और कोच रिकी पोंटिंग भी उपस्थित थे.

आईपीएल 2018 के टूर्नामेंट की शुरुआत में गौतम गंभीर ने कहा था कि वह कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह दिल्ली डेयरडेविल्स को आईपीएल का खिताब जीता कर संन्यास ले लेंगे. बता दें कि गौतम दो बार कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल का खिताब दिला कर लौटे थे, लेकिन वह कोलकाता की सफलता को दिल्ली में जारी नहीं रख सके.

डूब गया दिल्ली का दिल

कहा जा रहा है कि दिल्ली की एक के बाद एक हार का झटका गौतम के लिए काफी भारी पड़ा और उन्होंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. दिल्ली ने गंभीर की कप्तानी में छह मैच खेले जिसमें से पांच में उसे हार मिली. लगातार मिली हार की वजह से दिल्ली पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. इस सीज़न दिल्ली के लिए गंभीर का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने पांच पारियों में केवल 85 रन बनाए हैं, जिसमें किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पहले मैच में खेली गई 55 रन की पारी भी शामिल है. वह पिछली चार पारियों में दोहरे अंक में पहुंचने में नाकाम रहे.

Advertising

दूसरी तरफ टीम के नवनिर्वाचित 23 वर्षीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने पिछले दोनों मैचों में अर्धशतक जमाए लेकिन इनमें टीम को हार का सामना करना पड़ा. गौतम गंभीर इससे पहले 2008, 2009 और 2010 में दिल्ली टीम के साथ खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे. 2008 में वह सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने. उन्होंने 534 रन बनाए थे.

इस साल जनवरी में आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी में दिल्ली की टीम ने गंभीर को 2.8 करोड़ रुपये में खरीदा था.

सुनेहरा था केकेआर का सफ़र

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने 36 साल के गौतम गंभीर को बाहर का रास्ता दिखाया था. 2011 में केकेआर ने गंभीर को कप्तान बनाया था. तब केकेआर ने रिकॉर्ड 11.04 करोड़ में उन्हें खरीदा था. उस साल केकेआर ‘टीम पहली बार आईपीएल में चौथे स्थान पर रही. अगले ही साल 2012 में गंभीर की कप्तानी में केकेआर की टीम पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी. गंभीर को 2014 में रिटेन किया गया और केकेआर ने दूसरी बार खिताब पर कब्जा किया था. कोलकाता नाइटराइडर्स ने 2012 और 2014 में गंभीर की कप्तानी में आईपीएल का खिताब भी जीता था.

Advertising