रविवार, 2 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कहाँ हैं? 150 दिनों से लापता, मोसाद और CIA कर रहीं तलाश

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पिछले लगभग 150 दिनों से सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह गायब हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी, 2026 को उनके पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता…

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कहाँ हैं? 150 दिनों से लापता, मोसाद और CIA कर रहीं तलाश
(फोटो: IANS)

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पिछले लगभग 150 दिनों से सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह गायब हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी, 2026 को उनके पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई की अमेरिकी-इजरायली हमले में मौत के बाद सत्ता संभालने वाले मोजतबा को तब से किसी ने नहीं देखा है। इस रहस्यमयी गुमशुदगी के बीच इजरायल की मोसाद और अमेरिका की CIA जैसी खुफिया एजेंसियां उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

विज्ञापन

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मोजतबा खामेनेई कहीं अंडरग्राउंड रह रहे हैं और किसी भी ऐसे उपकरण का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं जिससे डिजिटल सिग्नल निकलता हो, जैसे कि फोन, लैपटॉप या रेडियो। बताया जा रहा है कि ऐसा वह अमेरिकी जासूसी सैटेलाइट द्वारा पहचाने जाने के डर से कर रहे हैं। द टाइम्स ऑफ लंदन का हवाला देते हुए इजरायली मीडिया ने बताया कि उन्हें डर है कि उनके पिता की मौत वाले एयरस्ट्राइक में लगे जख्मों की वजह से खराब हुए चेहरे के कारण उन्हें पहचाना जा सकता है।

खुफिया एजेंसियों की बदली रणनीति

मोजतबा के पिता, अली खामेनेई, का पता लगाने के लिए अमेरिका और इजरायल ने आधुनिक साइबर तकनीकों का सहारा लिया था। तेहरान के ट्रैफिक कैमरों को हैक कर उनके काफिले की गाड़ियों की पहचान की गई थी। अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) और इजरायल की यूनिट 8200 ने मिलकर यह पता लगाया था कि खामेनेई और उनके वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उस दिन कहाँ थे, जिसके बाद हमले में वे सभी मारे गए।

हालांकि, मोजतबा को ढूंढने के लिए अब पुरानी और पारंपरिक जासूसी के तरीकों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। तकनीकी निगरानी के बजाय अब 'ह्यूमन इंटेलिजेंस' का सहारा लिया जा रहा है, जिसमें जासूसों को खुद मौके पर जाकर जानकारी जुटानी होती है। यह प्रक्रिया धीमी और बेहद खतरनाक मानी जाती है।

क्या मोजतबा जीवित भी हैं?

खुफिया जगत में कुछ विशेषज्ञ यह भी मान रहे हैं कि हो सकता है मोजतबा खामेनेई की मौत हो चुकी हो। इस थ्योरी के मुताबिक, ईरान का इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) अमेरिकियों के खिलाफ युद्ध को जायज ठहराने के लिए सर्वोच्च नेता के जिंदा होने का भ्रम बनाए हुए है।

अगर मोसाद और CIA उनकी लोकेशन का पता लगा भी लेती हैं, तो यह मामला राजनीतिक और रणनीतिक बन जाएगा। तब वाशिंगटन और येरूसलम को यह तय करना होगा कि इस जानकारी का क्या किया जाए। एक पूर्व वरिष्ठ अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने इस दुविधा पर कहा, "मुझे लगता है कि हमने अभी के लिए शायद काफी ईरानी नेताओं को मार दिया है, खासतौर से जब तक कि इस बात का पूरा भरोसा न हो कि मौजूदा नेता की जगह कोई ऐसा आएगा जो ईरान के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हो।"

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →