Advertising
Home Top stories सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुआ जयपुर: ताड़केश्वर और झारखंड...
Advertising
<

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुआ जयपुर: ताड़केश्वर और झारखंड महादेव में सुबह 4 बजे से कतारें, देवस्थान मंत्री ने किया रुद्राभिषेक – Jaipur News

9
सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुआ जयपुर:  ताड़केश्वर और झारखंड महादेव में सुबह 4 बजे से कतारें, देवस्थान मंत्री ने किया रुद्राभिषेक – Jaipur News

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुआ जयपुर: ताड़केश्वर और झारखंड महादेव में सुबह 4 बजे से कतारें, देवस्थान मंत्री ने किया रुद्राभिषेक – Jaipur News

सावन के दूसरे सोमवार को राजधानी जयपुर में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार देर रात गलता तीर्थ से निकली कांवड़ यात्राएं तड़के चार बजे से ताड़केश्वर महादेव, झारखंड महादेव, एकलिंगेश्वर, काशी विश्वेश्वर सहित अन्य शिवालयों तक पहुंचीं।

.

इस बीच, शहर की प्रमुख गलियों और सड़कों से ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ कांवड़ियों की टोलियां गुजरीं। कई जगहों पर सामाजिक संस्थाओं और मोहल्ला समितियों की ओर से जल, शरबत और फलाहार की व्यवस्था भी की गई। पुलिस और वालंटियर्स ने मंदिरों के बाहर भीड़ को व्यवस्थित किया। कांवड़ यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लिया, कई जगह शोभायात्राएं भी निकलीं।

देवस्थान मंत्री ने किया प्रतापेश्वर मंदिर में रूद्राभिषेक

श्रावण मास के दूसरे सोमवार को देवस्थान विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में 80 से अधिक राजकीय और प्रन्यास प्रबंधित शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिर श्री प्रतापेश्वर जी महाराज में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक किया।

प्रतापेश्वर मंदिर में मंत्री जोराराम कुमावत ने की लोकमंगल की प्रार्थना

Advertising

रुद्रीपाठ के बीच मंत्रोच्चार के साथ हुए इस अभिषेक में मंत्री कुमावत ने भगवान शिव से लोकमंगल, राष्ट्रकल्याण और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों के साथ विधिविधान से अनुष्ठान संपन्न हुआ, जो दो घंटे से अधिक चला। इसके बाद शिवोपासना कर आरती उतारी गई और भगवान नंदी का पूजन कर दूध और जल से महादेव का अभिषेक किया गया।

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि आज उन्हें महाराजा सवाई प्रताप सिंह द्वारा संवत 1851 में स्थापित इस प्राचीन मंदिर में रुद्राभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक से जीवन में शांति, संतान सुख, समृद्धि और मानसिक संतुलन प्राप्त होता है। देवस्थान विभाग द्वारा प्रत्येक सोमवार को इसी प्रकार रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, निरीक्षक सुरेंद्र पूनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गलता तीर्थ से गोविंद भक्तों की कांवड़ यात्रा निकाली गई, जो कनक घाटी के काला महादेव मंदिर पहुंची

गोविंद भक्तों की कांवड़ यात्रा में उमड़ा उत्साह

रविवार को गलता तीर्थ से गोविंद भक्तों की कांवड़ यात्रा निकाली गई, जो कनक घाटी के काला महादेव मंदिर पहुंची। इस यात्रा में 250 से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में निकली यात्रा में पूरे रास्ते भजन-कीर्तन और हर हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। मंदिर पहुंचने पर ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर परंपरागत श्रृंगार किया गया।

सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि यह यात्रा गोविंददेवजी और शिव की आराधना को समर्पित है। समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद और जलपान वितरित किया गया। शोभायात्रा के रूप में कुछ टोलियां हाथी-घोड़ों के साथ रवाना हुईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से भी सैकड़ों कांवड़िए गलता तीर्थ से जल लेकर अलग-अलग शिवालयों के लिए रवाना हुए।

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के विशेष इंतजाम

शहर के सभी बड़े मंदिरों के बाहर बांस-बैरिकेड्स, वालंटियर्स की तैनाती और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंदिरों को सजाया गया है और रात्रि भजन संध्याओं का आयोजन किया गया। देवस्थान विभाग ने राज्य के 80 विभागीय मंदिरों में पूजा व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अगले सोमवार को सावन का तीसरा सोमवार होगा, जिसमें फिर एक बार शिवालयों में आस्था का ज्वार देखने को मिलेगा।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News

Advertising