राजस्थान में भारी बारिश, कॉलोनियां डूबीं: ट्रेनें बंद, हाईवे पर पानी भरा; पिकनिक मनाने गए 6 युवक बहे,10 हजार लोग घरों में कैद रहे – Kota News h3>
प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश से कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। कोटा और पाली में लोग घरों में कैद हो गए। यहां कॉलोनियों में कमर तक पानी भर गया।
.
भारी बारिश के चलते जोधपुर मंडल से चलने वाली 5 ट्रेनों का रूट बदला और 4 ट्रेनों को रद्द किया गया। कोटा में पिकनिक मनाने गए 7 लोग चंबल नदी में बह गए। एक को बचा लिया गया। प्रदेश में अलग-अलग हादसों में एक मासूम सहित 7 लोगों की मौत हो गई। राजसमंद में गाड़ियां पानी में बह गई।
गोमती-उदयपुर फोरलेन NH-8 पर भी पहाड़ों से बरसाती झरना बहा, जिससे हाईवे पर एक तरफ से ही वाहनों की आवाजाही की गई।
पढ़िए… प्रदेशभर में बारिश के बाद बने हालातों की ग्राउंड रिपोर्ट
कोटा में नाला उफान पर होने से सुभाष विहार कॉलोनी में हालात खराब हो गए। यहां दुकानों और घरों में पानी भर गया।
कोटा में हजारों की आबादी घरों में कैद, घर- दुकानें डूबीं, मगरमच्छ दिखा कोटा में तेज बारिश से कई कॉलोनियां जलमग्न हो गई। अनंतपुरा में नाला उफान पर होने से सुभाष विहार कॉलोनी में हालात खराब हो गए। कॉलोनी में अधिकांश घरों और दुकानों में पानी भर गया। 10 हजार लोग दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक घरों में कैद हो गए। जनहानि नहीं हो, इसके लिए बिजली आपूर्ति काट दी गई।
कॉलोनीवासी भंवर सिंह चौहान ने बताया- नाला उफान की वजह से हर साल ये समस्या आती है। चैतन्य कुमार अग्रवाल के अनुसार- नाले की वजह से यह परेशानी आती है। इसका चौड़ीकरण होना बहुत जरूरी है। महिला पिंकी माधवानी ने बताया कि उनकी दुकान बरसाती पानी में आधी डूब चुकी है।
सुभाष विहार कॉलोनी में लोगों की आवाजाही ठप हो गई और बरसाती पानी के कारण लोग घरों में कैद हो गए।
रानपुर क्षेत्र में कॉलेज फैक्ट्री और मकानों में पानी घुस गया। आधे-आधे मकान डूबे हुए हैं। बोरखेड़ा इलाके में काशी धाम, कौटिल्य नगर, बालाजी नगर, प्रताप नगर, आदर्श नगर, आस्था नगर, देवली अरब रोड की कई कॉलोनी में हालात बदतर हो चुके हैं। यहां एक कॉलोनी में मगरमच्छ दिखाई देने से भी लोग दहशत फैल गई। उद्योग नगर इलाके में प्रेम नगर, कंसुआ राजपूत कॉलोनी में भी जलभराव होने से हालात बिगड़ गए।
कोटा में चंबल नदी में उफान आने से 7 लोग फंस गए।
कोटा में बंधा धर्मपुरा में पानी के तेज बहाव में रेलवे कॉलोनी निवासी सौम्या स्कूटी सहित बह गई, जिसका रेस्क्यू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई।
अयाना कस्बे में सरकारी स्कूल में पानी भर गया, जिससे स्कूली बच्चों की छुट्टी करनी पड़ी। सरकारी हॉस्पिटल में भी बरसात का पानी घुस गया और मरीज परेशान होते रहे।
कोटा बैराज के 12 गेट खोलकर 2 लाख 2 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। कोटा बैराज की भराव क्षमता 854 फीट है। वर्तमान में जलस्तर 853.10 फीट है।
राजसमंद के खमनोर क्षेत्र में घरों के बाहर खड़ी कारें भी पानी के साथ बह गई।
राजसमंद में सड़क पर बही नदी, तैरने लगी गाड़ियां राजसमंद में रविवार देर रात 2 बजे से शुरू हुई बारिश रुक- रुक कर होती रही। शहर के कलालवाटी, राजनगर बस स्टैंड, माणक चौक, भंवरिया, कमलतलाई रोड, 100 फीट रोड पर पानी भर जाने से आवाजाही बाधित रही। खमनोर क्षेत्र में घरों के बाहर खड़ी कारें भी पानी के साथ बह गई। बैंक में भी पानी भर गया।
कुंभलगढ़ क्षेत्र में बारिश के बाद सुबह होने तक बाघेरी नाका बांध का गेज 1 फीट हो गया, जो धीरे- धीरे सवा 3 फीट पहुंच गया। इसका पानी अब बनास नदी में पूरे उफान पर बह रहा है। जिससे नंदसमंद बांध में पानी की आवक तेज हो गई है। ऐसे में राजसमंद झील के भी लबालब होने की उम्मीद बढ़ गई है।
उदयपुर के वल्लभनगर में सरकारी स्कूल में बरसात का पानी भर गया।
उदयपुर में नदी में बहे 2 युवक, कई रास्ते बंद हुए उदयपुर में शहर के अंबामाता के पास कॉलोनियों में तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया। मावली स्थित बोयणा रेलवे अंडरपास में पानी में स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस फंस गई, जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकाला गया। वल्लभनगर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खेताखेड़ा में बारिश का पानी भर गया।
उदयपुर में झाड़ोल हाईवे पर पहाड़ों से आया पानी।
उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में बदराणा नदी उफान पर आ गई है। इससे ओगणा-झाड़ोल मुख्य मार्ग बंद हो गया। झाड़ोल की बदराणा और जावरमाइंस के पास टीडी नदी के तेज वेग से बहने से कई छोटे रास्ते बंद हो गए। झाड़ोल के वेलनिया के समीप नदी में नहाने गए दो युवक बह गए, हालांकि समय रहते दोनों को बचा लिया गया।
फतहपुरा के पास आदिनाथ कॉलोनी में बीच सड़क पर पेड़ और पोल गिर गया। कई पेड़ भी धराशायी हो गए। उदयपोल से सिटी रेलवे स्टेशन और पटेल सर्कल से पारस तिराहे के आगे एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर का काम होने से लंबा जाम लग गया। सिटी स्टेशन से उदयपोल जाने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास पानी भर गया।
जोधपुर में बारिश के बाद रेलवे स्टेशन पर भी पानी भर गया और पटरियां डूब गई। यहां 5 ट्रेनों को आंशिक रद्द किया गया है।
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर पानी भरा, पटरियां डूबी करीब 3 घंटे तक हुई जोरदार बारिश से जोधपुर में प्रशासन की पोल खुल गई। जोधपुर रेलवे स्टेशन परिसर में पानी भर गया। पटरियां डूब गईं। तिंवरी में श्रीराम कॉलोनी, गर्ल्स स्कूल और कैम्ब्रिज स्कूल परिसर में पानी भर गया। कैम्ब्रिज स्कूल के पास एक कार पानी में डूब गई।
शहर में भारी बारिश को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय समेत कई निजी स्कूलों ने वॉट्सऐप पर संदेश भेजकर छात्रों को घर पर रहने की सलाह दी।
शहर की गंगाणा रोड पर डाली बाई सर्किल के निकट स्थित साईं रेजिडेंसी में जलमग्न के हालात रहे। सोसाइटी निवासी अजय के अनुसार- जल निकासी के पुख्ता बंदोबस्त नहीं होने की वजह से यहां लोग घरों में कैद हो गए हैं।
इस बीच जोधपुर रेलवे मंडल की ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। इस वजह से चार ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गई। इनमें जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस (14821) को पाली मारवाड़ स्टेशन पर और साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस (14822), हडपसर-जोधपुर सुपरफास्ट (20496) और पुणे-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस (11090) को मारवाड़ जंक्शन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
इसी तरह, पांच ट्रेनों के मार्ग बदले गए। इनमें बीकानेर-मिरज सुपरफास्ट (20475), लालगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस (14707), तिरुवनंतपुरम-श्रीगंगानगर कोचुवेली एक्सप्रेस (16312), साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस (19223) और इंदौर-जोधपुर (14802) शामिल है। इसके अलावा, काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस (15014) को रेगुलेट किया गया है।
पाली में सिंधी कॉलोनी में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पाली में कॉलोनियां में पानी भरा, दुकान ढही, पिकअप पलटी पाली जिले में भारी वर्षा के कारण सुकड़ी और लिलड़ी नदियों में जल स्तर बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ के हालात बन गए। सिंधी और राजीव गांधी कॉलोनी में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई है।
हैदर कॉलोनी में एक दुकान ढह गई। हालांकि गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई। रामदेव रोड एरिया में घरों में बरसाती पानी घुस गया, वहीं रामदेव रोड, लोढ़ा स्कूल रोड, आदर्श नगर, वीडी नगर, केशव नगर, गोकुलवाडी , बापू नगर विस्तार, नया गांव रोड सहित कई कॉलोनियों के घरों में भी हालात बिगड़ गए। दूध लेने जा रहा युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
चित्तौड़गढ़ में मूसलाधार बारिश के बीच एक परिवार ने झोपड़ी के ऊपर रहकर रात गुजारी, जिनका आज एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया।
चित्तौड़गढ़ में नाले में बहा मासूम चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में रात 2 बजे हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। धावतकला गांव में एक परिवार खेत पर सो रहा था। अचानक आई तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। इससे परिवार खेत पर ही फंस गया और झोपड़ी के ऊपर रात गुजारी।
तहसीलदार विवेक गरासिया के अनुसार- देर शाम कोटा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 2 साल के बच्चे समेत 8 लोगों को रेस्क्यू किया। रावतभाटा में ही बारिश के बीच वार्ड 39 के कुम्हार मोहल्ले में हनी (12) पुत्र चन्द्रभान सिंह बरसाती नाले में बह गया। मासूम का शव पांच घंटे बाद दोपहर 1:30 बजे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चांबले पुलिया के पास झाड़ियों में फंसा मिला।
धौलपुर के बाड़ी में कसाईपाड़ा निवासी जाकिर लुहार (45) अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान पुलिया पार करने समय पैर गड्ढे में चला गया और वह नदी के बहाव में बह गए।
धौलपुर के निधारा गांव में आज दोपहर 12 बजे गांव के अंतेश गुर्जर (19) का निधारा गांव की रपट पार करते समय पैर फिसलने गया। बहाव तेज होने के चलते वह बामनी नदी में बह गई। वहीं बाड़ी के कसाईपाड़ा निवासी जाकिर लुहार (45) का पैर गड्ढे में चला गया, जिससे वह नदी के बहाव में बह गया। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है।
इसके अलावा बूंदी के डाबी क्षेत्र के धनेश्वर सुतड़ा में भी रुक-रुक कर हुई बारिश से गांव की गलियों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। धनेश्वर पंचायत भवन के अंदर तक पानी घुस गया। गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। निचले इलाकों में जलभराव से यातायात ठप हो गया है।
तस्वीरों में देखिए… प्रदेशभर में बारिश के हालात
ओगणा-गोगुंदा मार्ग पर रविवार की शाम एक पुलिया पर बहते पानी के बीच ड्राइवर ने बोलेरो उतार दी। बंद पड़ी गाड़ी को पानी में जाकर गाड़ी को धक्का देकर आगे बढ़ाया और हादसा टला।
राजसमंद के बाघेरी नाका बांध पर 2 फीट की चादर चल रही है।
बारिश से धौलपुर के बाड़ी के बाजार में पानी भर गया।
पाली के राजीव गांधी कॉलोनी पुलिस लाइन में बरसाती पानी में एक कार डूब गई।
कोटा में बैराज के ज्यादातर गेट 15-15 फीट खोले गए थे। साढ़े 11बजे करीब बैराज के 12 गेट खोलकर 2 लाख 2 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।
जोधपुर के बनाड़ क्षेत्र में वीर तेजा ओवरब्रिज के पास भरा पानी।
ये भी पढ़ें…
राजस्थान में डूबने-बिजली गिरने से 7 की मौत:कोटा में चंबल नदी में बहे 6 लोग लापता; जोधपुर में रेलवे स्टेशन डूबा
