यूपी विधानसभा चुनाव: राजनाथ बोले- अब डबल नहीं, ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी; यहां बुआ-बबुआ नहीं केवल बाबा चलेगा

169

यूपी विधानसभा चुनाव: राजनाथ बोले- अब डबल नहीं, ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी; यहां बुआ-बबुआ नहीं केवल बाबा चलेगा

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब यहां डबल नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी। जिसमें मोदी का विजन होगा, योगी का मिशन होगा तथा जनता का पार्टीसिपेशन होगा। कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत है। यहां अब सिर्फ गोली नहीं बल्कि गोला बनने लगा है। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लड़ाकू विमान भी बन रहा है। आने वाले दिनों में भारत दुनिया के देशों से हथियार खरीदेगा नहीं बल्कि हथियार बेचने वाले देशों में शामिल होगा।

राजनाथ सिंह रविवार को बलिया के बैरिया और आजमगढ़ के लालगंज में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि पहले की सरकार में खनन घोटाला, एंबुलेंस घोटाला, यमुना रिवर फ्रंट घोटाला होता था। गुंडे-माफियाओं की चलती थी। अब प्रदेश में भय व भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं हैं। माफियाओं को पता है कि अब योगी का बुल्डोजर चल जाएगा। सरकार अपराधियों के सहयोग से नहीं, जनता के सहयोग से चलायी जाती है। जनता को भय और भूख से आजादी नहीं दिलाने वाला समाजवादी नहीं हो सकता। सच्चा समाजवादी हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। 

अब पूरी दुनिया सुन रही भारत की बात

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में जाना जाता है। कभी ऐसा भी था जब दुनिया हमारी बात को नहीं सुनती थी लेकिन अब भारत की बातों को लोग कान खोलकर सुनते हैं। यूक्रेन में चल रही जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टैंड की दुनिया भर में तारीफ हो रही है। सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि अब हम इस पार भी मारेंगे और यदि जरूरी हुआ तो उस पार भी घुसकर मारेंगे। 

होली-दीवाली में मुफ्त सिलेंडर

राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र से जब एक रुपये भेजने पर 15 पैसे ही लोगों तक पहुंच पाता है। रक्षामंत्री ने कहा कि अब वह दिन लद गये। योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। अब गरीबों के सिर पर छत है। उनके घर में गैस सिलेंडर व चूल्हा है। अब होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेगा। 

यूपी में बुआ बबुआ नहीं केवल बाबा चलेगा

राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में अब बुआ-बबुआ नहीं केवल बाबा चलेगा। नारा देते हुए कहा, यूपी में होगा कानून का शासन, विकास का होगा योगासन। 84 प्रकार के योगासन होते हैं जिसमें 83 योगासन पर काम हो रहा है, एक शीर्षासन विपक्ष के लिए छोड़ा गया है। दावा किया कि जनता से भय और भूख मिटाने का कार्य सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने की सरकार ने किया है। प्रदेश मे 24 करोड़ लोगों को एक महीने में दो बार राशन दिया जा रहा है। डेढ़ वर्ष में सरकारी नल व नल से पानी हर घर तक पहुंचेगा। 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को मुफ्त में बस यात्रा दी जाएगी। 



Source link