‘मंत्री-नेता पुत्रों को टिकट नहीं, कार्यकर्ताओं को देंगे मौका’ | ‘Eclipse’ on the hopes of these leader sons in the state | Patrika News

114

‘मंत्री-नेता पुत्रों को टिकट नहीं, कार्यकर्ताओं को देंगे मौका’ | ‘Eclipse’ on the hopes of these leader sons in the state | Patrika News

प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्री पुत्रों को टिकट के सवाल पर नड्डा ने साफ कहा कि ऑपरेशन तो करना पड़ता है, डेटॉल लगाना पड़ता है। इससे पीड़ा होती है, लेकिन क्या करें यही नीति है। इसका क्रियान्वयन तो करना होगा। उत्तरप्रदेश में आपने देखा, कई मंत्रियों के पुत्र थे। मध्यप्रदेश में भी हैं। वे संगठन में काम करें और उसे आगे बढ़ाएं। नड्डा ने 2023 में चुनाव की अगुवाई करने वाले चेहरों को लेकर कहा कि शिवराज सिंह चौहान अच्छा काम कर रहे हैं। अच्छी सरकार चल रही है। 75 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टिकट देने पर नड्डा ने कुछ नहीं कहा।

भाजपा परिवारवाद वाली पार्टी नहीं है। कांग्रेस तो भाई-बहन की पार्टी है। राहुल देश में नहीं, लंदन जाकर बोलते हैं। इसके बाद भाजपा कार्यसमिति की बैठक में नड्डा ने पार्टी नेताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा, काम करना और क्वालिटी के काम में अंतर है। अब आपको क्वालिटी पर ध्यान देना होगा। आज हम जहां हैं, यूं ही नहीं हैं। चार पीढिय़ां इसमें खप गई हैं। अब आपकी जिम्मेदारी है। इसके बाद जबलपुर रवाना हो गए।

MP में इन नेता पुत्रों की उम्मीदों पर लगा ‘ग्रहण’
मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव, नरोत्तम मिश्रा के सुकर्ण मिश्रा व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र देवेंद्र सिंह विधानसभा टिकट के लिए दावेदारी करते रहे हैं। पूर्व मंत्री जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ, प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा, पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्धन चौहान, मंत्री कमल पटेल के बेटे सुदीप पटेल, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के पुत्र मंदार महाजन, पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार के पुत्र मुदित और गौरीशंकर बिसेन की पुत्री मौसम बिसेन भी दावेदार हैं। महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश अभी विधायक हैं। अगले टिकट पर संशय की स्थिति है। सीएम शिवराज के पुत्र कार्तिकेय व ज्योतिरादित्य सिंधिया के महानआर्यमान भी भविष्य के दावेदारों में हैं।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा शाम में भोपाल से जबलपुर पहुंचे। वहां उन्होंने रोड शो किया। इस दौरान सीएम शिवराज व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी साथ रहे। प्रदेश दौरे पर बुधवार को भोपाल आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा, कांग्रेस, कमीशन और करप्शन साथ-साथ चलते हैं। इसलिए कमलनाथ सरकार मध्यप्रदेश में आई तो भाजपा की योजनाएं बंद कर दीं। उनके समय में करप्शन भी खूब हुआ।

सीट का नुकसान
वहीं भोपाल आए नड्डा ने नेता पुत्रों को टिकट न देने की नीति को बताते हुए कहा, कि कई बार कहा जाता है कि टिकट नहीं दिया तो सीट दिक्कत में आएगी। हम कहते हैं कि आने दो। उपचुनाव में जीती हुई सीट हार गए थे, पर टिकट कार्यकर्ताओं को दिया था। हम कार्यकर्ता को आगे लाने की नीति पर ही काम करेंगे।

शिवराज-वीडी के मुरीद दिखे नड्डा
नड्डा ने मध्यप्रदेश की उपलब्धियों को भी बताया। इस दौरान सीएम शिवराज ङ्क्षसह और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की जमकर तारीफ की। मध्यप्रदेश को कई योजनाओं में आइडियल बताया। उन्होंने कहा, देश में मोदी ने विकास किया है। पहले बिहार, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान ये राज्य बीमारू होते थे। पंजाब, हरियाणा ये अच्छा काम करते थे।

देश में अच्छी जीडीपी को बीमारू राज्य नीचे ले आते थे। लेकिन, अब भाजपा सरकारों ने बीमारू राज्यों को विकसित राज्यों में लाया है। शिवराज ने मध्यप्रदेश को भी बीमारू से विकसित राज्य बना दिया। पहली बार जब शिवराज सीएम बने थे, तब सात लाख हैक्टेयर सिंचाई क्षमता थी। आज 43 लाख हैक्टेयर है। ये शिवराज की मेहनत है।

कौन क्या बोला-
जेपी नड्डा- काम की क्वालिटी पर ध्यान दो, जवाबदेही से काम हो।
शिवराज सिंह- स्थानीय चुनाव में जुटो, हितग्राही जोड़ो, जीत हमारी।
वीडी शर्मा- संगठन की ताकत और नेटवर्क का अहसास कीजिए।

स्वागत में जुटे नेता
प्रदेश में नड्डा भव्य स्वागत किया गया। वीडी ने अगवानी की पूरी तैयारियां कराई थी।
नड्डा जब दोपहर में गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पर पहुंचे तो मिश्रा उन्हें खुद ही नाश्ता परोसने लगे।

सीएम ने नेताओं को दिए जीत के मंत्र
प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में नड्डा के सामने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नेताओं को जीत के मंत्र दिए।
1- उम्मीदवार का चयन आप सावधानी से करो। मन का उम्मीदवार नहीं मिला तो हम ही आग लगा रहे हैं ऐसा न हो।
2- हितग्राहियों को पार्टी से जोड़ लो तो कोई आपको हरा नहीं सकता। सूचियां लो और हितग्राहियों से संवाद करें।
3- हर समाज के प्रमुख लोगों से संवाद करो। उनको जोड़ो। इन पर काम किया तो हम कांग्रेस को वॉशआउट कर देंगे।

कांग्रेस भी कहती है…
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, संगठन मध्यप्रदेश में आदर्श काम कर रहा है। इसे और बढ़ाने पर काम हो। हमारा संगठन ऐसा है कि कमलनाथ भी अपनी बैठक में कहते हैं कि भाजपा के संगठन जैसा काम करो। वीडी ने कहा, हमने बूथ विस्तार और डिजिटलीकरण में बेहतर काम किया। हर बूथ तक संगठन की पहुंच बन गई है।

कैबिनेट मंत्रियों की लगी क्लास
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सरकार के मंत्रियों की परिचयात्मक बैठक हुई। यहां मंत्रियों ने परिचय दिया। सामान्य बातचीत हुई। इस बीच नड्डा ने मंत्रियों को बेहतर काम करने को कहा। यह बैठक करीब 20 मिनट चली। इसके बाद नड्डा मंत्री नरोत्तम मिश्रा के निवास होते हुए सीएम हाउस चले गए। वहां लंच किया। फिर लाल परेड ग्राउंड पर पहुंचे। देर शाम वे विमान से जबलपुर रवाना हो गए।

नेता प्रतिपक्ष ने नड्डा को लिखा पत्र
नड्डा के दौरे पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने उन्हें पत्र लिखकर सरकार पर आरोप लगाए। सिंह ने पत्रकारवार्ता में 11 बिंदुओं में कहा, राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, दलित-आदिवासियों पर अत्याचार और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। क्या यही सुशासन है।

गोविद सिंह ने 1 जून को भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के अशोकनगर में दिए बयान- ’75 साल से क्या थे कमलनाथ, पता नहीं था तो मां से पूछ लेते’ का अवलोकन करने के लिए नड्डा से कहा। उन्होंने कहा, क्या भाजपा की संस्कृति है कि एक बेटी अपने पिता तुल्य से पूछे कि आप हिन्दू हैं या नहीं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खिलौनों के लिए वर्ष 2020 में 94 करोड़ रुपए का प्रावधान बजट में किया गया था। इस साल भी इससे ज्यादा ही बजट होगा, आखिर कहां जा रहा है। सीएम फिर भी खिलौने के लिए ठेला लेकर निकल रहे हैं।

कांग्रेस पर तंज : ‘कमलनाथ सो रहे, राहुल रो रहे’
इसके अलावा बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी नेताओं को साफ कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव जीतकर दिखाओ। काम में जुट जाओ। ध्यान रखो, यदि स्थानीय चुनाव में हमारे समर्थक नहीं जीते तो विधायक को मंच पर बैठाने वाला कोई नहीं होगा। सीएम ने कहा, कांग्रेस ने ओबीसी की पीठ में छुरा घोंपा, लेकिन हमने ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव कराने का कहा और चुनाव करा रहे हैं। बोले-कमलनाथ सो रहे हैं और राहुल रो रहे हैं। राहुल गांधी की मानसिक उम्र 6 साल से ज्यादा नहीं है।

आपके हाथ से ही खिंच रही है पार्टी
नड्डा ने उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथजी के रथ को हाथ लगाते हैं तो खींचते ही चल पड़ता है। पार्टी भी ऐसी ही है। आपके हाथ से खिंच रही है। हमें पार्टी को सही दिशा में खींचना है। ध्यान दें कि हम भाषण दे रहे हैं तो सामने वाला हमें तौल रहा है। इसलिए हमें तैयारी करके बोलना है।

जबलपुर में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत-नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी होने पर भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बुधवार रात जबलपुर में निकाले गए रोड शो पर नगर कांग्रेस कमेटी ने आपत्ति जताई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने निर्वाचन अधिकारी को दी शिकायत में कहा कि यह आचार संहिता का उल्लंघन है। आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।



उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News