बीजेपी बोली- प्रदेश अध्यक्ष बनाकर मीरा कुमार का अपमान नही, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर दलितों का सम्मान करें कांग्रेस

86

बीजेपी बोली- प्रदेश अध्यक्ष बनाकर मीरा कुमार का अपमान नही, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर दलितों का सम्मान करें कांग्रेस

हाइलाइट्स

  • इसी महीने खत्म हो रहा है बिहार कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यकाल
  • पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार को बिहार कांग्रेस की कमान सौंपने की चर्चा
  • महिला सशक्तिकरण और दलित सम्मान के खिलाफ काम करती है कांग्रेस : जेडीयू
  • मीरा कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए कांग्रेस : बीजेपी

पटना।
बिहार में कांग्रेस की कमान किसके हाथ में होगी इसे लेकर संशय की स्थिति अभी तक बरकरार है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। खबरें ऐसी आ रही है कि कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व लोकसभा स्पीकर और वरिष्ठ नेता मीरा कुमार को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंप सकती है। बीजेपी का कहना है कि मीरा कुमार जैसी राष्ट्रीय स्तर की नेता को बिहार की कमान सौंपकर कांग्रेस उनका सम्मान नहीं बल्कि अपमान करेगी।

बिहार कांग्रेस में आंतरिक कलह
बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस अब राज्य में अपने लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश कर रही है। इसके लिए AICC के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने दलित नेता और विधायक राजेश कुमार राम का नाम आगे बढ़ाया था। लेकिन बिहार के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने दलित नेता राजेश कुमार राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का विरोध कर दिया था। सदानंद सिंह के निधन के बाद तो बिहार कांग्रेस खींचतान और भी बढ़ गई है। इस स्थिति में कांग्रेस आलाकमान द्वारा मीरा कुमार को बिहार कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा पर बिहार के कांग्रेसी नेता भी यकीन नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस और RJD नेताओं को नहीं है विश्वास
बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास बिहार में किसी दलित चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की सिफारिश कर चुके हैं। मीरा कुमार के कद और अनुभव को देखते हुए उन्हें बिहार कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की चर्चा जोरो पर है। बताया जा रहा है कि मीरा कुमार के नाम पर कांग्रेस के सीनियर नेताओं के बीच सहमति भी बन गई है। कांग्रेस के एक नेता का कहना है कि मीरा कुमार राष्ट्रीय स्तर की नेता और कांग्रेस का दलित चेहरा भी है। इसलिए पूर्व लोकसभा स्पीकर को बिहार की कमान सौंपे जाने की खबर में दम नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर आलाकमान ने ऐसा निर्णय ले लिया है तो यह बिहार कांग्रेस के लिए सुखद परिणाम लेकर आएगा। वहीं आरजेडी के नेता का कहना है कि बिहार में कांग्रेस की जो स्थिति है उसे मीरा कुमार कैसे संभालेगी यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन कांग्रेस के आलाकमान द्वारा इस तरह का कोई फैसला लिया जाएगा यह उन्हें नहीं लगता।

मीरा कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए कांग्रेस : बीजेपी
बिहार बीजेपी नेता और प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह ने मीरा कुमार को बिहार प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की खबर पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिला और दलितों को अपमानित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक पद पर आसीन रही है मीरा कुमार को प्रदेश की राजनीति में भेजने के पीछे कांग्रेस की सोच पूर्व लोकसभा स्पीकर के राष्ट्रीय कद को कम करना है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस अगर वास्तव में दलितों और महिला का सम्मान करना चाहती है तो मीरा कुमार को बिहार कांग्रेस का नहीं बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करना चाहिए।

महिला सशक्तिकरण और दलित सम्मान के खिलाफ काम करती है कांग्रेस : जेडीयू
जेडीयू नेता और प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल का कहना है कि मीरा कुमार की पहचान देश की एक बड़ी राजनीतिज्ञ के तौर पर की जाती है। लेकिन कई वर्षो से कांग्रेस ने उन्हे दरकिनार कर पद से वंचित रखा। निखिल मंडल ने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि जिस मीरा कुमार को देश और देश की राजनीति में स्थान मिलना चाहिए था अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा हो रही है। इसमें भी बड़ी बात यह है कि कांग्रेस के अंदर अब इस बात की चर्चा हो रही है कि उन्हे यह पद भी दिया जाए या नही। जेडीयू प्रवक्ता नें कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा यही है कि वो महिला सशक्तिकरण और दलित सम्मान की बात तो करती है, लेकिन जब मौका आता है तो उन्हें कुछ नहीं दिया जाता।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News

Source link