प्रेमिका की हत्या का आरोपी गिरफ्तार: रातभर शव के साथ सोया रहा, अगले दिन भाई के साथ मिलकर शव को खेत में दफनाया – Banswara News h3>
जिले के घाटोल उपखंड से गरनावट गांव में प्रेमिका की हत्या कर शव को खेत में दफनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हत्या के बाद पूरी रात लाश के पास सोकर बिताई। अगले दिन अपने भाई के साथ मिलकर शव को खेत में गाड़ दिया।
.
थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि झरकनिया निवासी लालिया जो कि मृतका का पिता था उसने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसकी बेटी बिपाशा कुछ समय से प्रदीप निनामा निवासी गरनावट के साथ रह रही थी। वह तीन-चार दिन से लापता थी।
पिता ने हत्या की आशंका जताई। मामला गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक बांसवाड़ा हर्षवर्धन अग्रवाला ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में टीम बनाई गई। आरोपी प्रदीप को खमेरा थाना क्षेत्र के अमरपुरा में रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा। पहले कहा कि बिपाशा बिना बताए चली गई।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो प्रदीप ने बताया कि वह और बिपाशा चार-पांच महीने से बिना शादी साथ रह रहे थे। 20 मई की रात विपाशा ने ओढ़नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। समाज में बदनामी और खर्च से बचने के लिए उसने शव को खेत में दफना दिया।
पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ। अगर आत्महत्या थी तो सूचना क्यों नहीं दी गई। परिवार को भी जानकारी नहीं दी गई। दोबारा पूछताछ में प्रदीप टूट गया। बताया कि बिपाशा किसी ओर से फोन पर बात करती थी। उसने कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। 20 मई की रात जब एक लड़के का फोन आया तो दोनों में झगड़ा हुआ। बिपाशा ने उसे थप्पड़ मारा। गुस्से में आकर प्रदीप ने उसका गला दबा दिया। हत्या के बाद पूरी रात शव के पास सोता रहा।
सुबह घर में ताला लगाकर चला गया। शाम को भाई प्रवीण को घटना बताई। दोनों ने योजना बनाई और रात 11-12 बजे मोटरसाइकिल से शव को खेत में ले जाकर दफना दिया। अगले दिन प्रवीण बांसवाड़ा काम पर चला गया और प्रदीप रिश्तेदारों के यहां घूमता रहा।
प्रदीप की निशानदेही पर तहसीलदार हाबूलाल मीणा की मौजूदगी में खेत से चार दिन पुराना शव निकाला गया। पिता लालिया ने शव की पहचान बेटी बिपाशा के रूप में की। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका भाई प्रवीण फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जांच टीम में थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया, सहायक उप निरीक्षक मेघराज, हेड कांस्टेबल महेन्द्र पाल सिंह, नवल किशोर, कांस्टेबल अम्बालाल, गोपाल सिंह, सीताराम, कल्याण सिंह और चालक शंमुसिंह शामिल रहे।
कंटेंट-राहुल शर्मा, घाटोल।



