नवभारत टाइम्स की विमेन बाइक रैली को राष्ट्रपति ने दिखाई झंडी, बोलीं- भाई बेटों को सिखाएं महिलाओं के सम्मान का संस्कार

11
नवभारत टाइम्स की विमेन बाइक रैली को राष्ट्रपति ने दिखाई झंडी, बोलीं- भाई बेटों को सिखाएं महिलाओं के सम्मान का संस्कार

नवभारत टाइम्स की विमेन बाइक रैली को राष्ट्रपति ने दिखाई झंडी, बोलीं- भाई बेटों को सिखाएं महिलाओं के सम्मान का संस्कार

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नवभारत टाइम्स की ओर से रविवार को कनॉट प्लेस में आयोजित की गई ऑल विमन बाइक रैली में बड़ी संख्या में महिला बाइकर्स ने हिस्सा लिया। ‘भुला दे डर, जी बेफिकर’ थीम पर आधारित इस बार की बेहद खास बाइक रैली को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ऑनलाइन झंडा दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रपति ने बाइक रैली में भाग लेने वाली निर्भीक महिलाओं की सराहना की और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से आयोजित इस रैली के आयोजन के लिए नवभारत टाइम्स को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और नए भारत के निर्माण का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हमारी बेटियां आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की भावना के साथ आगे बढ़ेंगी और पूरी उम्मीद है कि ऐसे आयोजनों का संदेश हमारे देश के गांव- गांव और नगर- नगर तक पहुंचेगा। दूर-सुदूर गांवों में रहने वाली हमारी बेटियां सदैव निडर महसूस करें तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ें, यही हम सब का लक्ष्य होना चाहिए। महिलाओं की गरिमा के महत्व को ध्यान में रखकर हमारे संविधान में कहा गया है- भारत के प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य होगा कि वह ऐसी प्रथाओं का त्याग करें जो स्त्रियों के सम्मान के विरुद्ध है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रैली को ऑनलाइन फ्लैग ऑफ करते हुए कहा कि समाज हमारी बेटियों के सुरक्षित जीवन में, भावी पीढ़ियों की सुरक्षा निहित है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान- पूर्ण आचार- विचार की नींव घर परिवार में ही रखी जा सकती है। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं चाहूंगी कि प्रत्येक मां और बहन अपने बेटे और भाई में सभी महिलाओं को सम्मान देने का संस्कार डाले, तब हमारी बेटियां बेहतर वातावरण में आगे बढ़ सकेंगी तथा देश और समाज को और अधिक योगदान देने में समर्थ बन पाएंगी। वहीं परिवार के साथ ही शिक्षकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे बालकों में महिलाओं के प्रति सम्मान व संवेदनशीलता के संस्कार को मजबूत बनाएं।

देश की बेटियों के नाम संदेश में उन्होंने कहा कि प्रकृति ने महिलाओं को ही मां बनने की क्षमता दी है और जिसमें मातृत्व की क्षमता है, उसमें नेतृत्व की क्षमता सहज की विद्यमान होती है। सभी सीमाओं और चुनौतियों के बावजूद हमारी बेटियों ने अपने अद्म्य साहस और कौशल के बल पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज की महिलाओं ने ऐसे अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रभावी उपस्थिति बनाई है, जहां कुछ समय पहले तक उनके प्रवेश के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता था। वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाइक रैली के आयोजन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए शुभकामना संदेश में कहा था कि ‘नारी निर्णय शक्ति, निश्चय, निष्ठा और नेतृत्व की प्रतिबिंब है। सेना में अपने शौर्य और पराक्रम से महिलाएं देश का मान बढ़ा रही हैं।’

रैली में महिलाएं अलग अलग थीम की ड्रेस में तैयार होकर ग्रुप में पहुंची। रैली का फ्लैग ऑफ राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के वीडियो संदेश के साथ हुआ। रैली में दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना, केंद्रीय राज्यमंत्री दर्शना जरदोश, फिल्म अभिनेत्री सानिया मल्होत्रा, बतौर खास मेहमान शामिल हुए। इसमें 2000 से ज्यादा महिलाओं के अलावा बीएसएफ की महिला बाइकर्स टीम सीमा भवानी, दिल्ली पुलिस की महिला बाइकर्स टीम ने भी शिरकत की। केंद्रीय राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने भी बाइक रैली में बाइक चलाई। कार्यक्रम में 18 से 95 साल तक की उम्र की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने नवभारत टाइम्स का धन्यवाद करते हुए कहा कि महिलाओं की इस बाइक रैली का आयोजन बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि इस देश की महिला अब सिर्फ घरों में खाना बनाने वाली महिला नहीं रही है, अब वे देश की बहुत बड़ी बड़ी हस्तियां है। आज देश की राष्ट्रपति भी महिला है। जेट एयरक्राफ्ट को उड़ाने वाली भी महिला है। शिप को कमांड करने वाली भी महिला है। सेना से लेकर बिजनेस हर क्षेत्र में महिलाओं ने सफलता का नया मुकाम हासिल किया है। पत्रकारिता में भी महिलाओं ने बड़े बड़े काम किए हैं। आशा करते हैं कि दिल्ली की महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल देने में कामयाब होंगे। दर्शना जरदोश ने कहा कि यह आजादी का अमृत काल चल रहा है। हमें यह संकल्प लेकर आगे जाना है कि आजादी के 100 साल का भारत कैसा होगा और हमारी क्या भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में खुद को साबित कर रही हैं और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका है।

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News