दुरुस्त करवाएंगे कूड़ा उठान, संवारे जाएंगे पार्क.. Congress की मेयर कैंडिडेट संगीता जायसवाल ने दिए सवालों के जवाब

17
दुरुस्त करवाएंगे कूड़ा उठान, संवारे जाएंगे पार्क.. Congress की मेयर कैंडिडेट संगीता जायसवाल ने दिए सवालों के जवाब

दुरुस्त करवाएंगे कूड़ा उठान, संवारे जाएंगे पार्क.. Congress की मेयर कैंडिडेट संगीता जायसवाल ने दिए सवालों के जवाब

लखनऊ: मेयर पद के लिए कांग्रेस ने संगीता जायसवाल को मैदान में उतारा है। समाजसेवी होने के नाते उन्होंने शहर की दिक्कतों को काफी करीब से देखा है। उन्हें अपने पति ऑक्सिजन मैन राजेश जायसवाल की छवि का भी फायदा मिलने की उम्मीद है। एनबीटी दफ्तर में बुधवार को उन्होंने एनबीटी टीम से बात करते हुए चुनाव से जुड़े सवालों के बखूबी जवाब दिए। इसके साथ पाठकों के सवालों के जवाब देते हुए दावा किया कि मेयर का चुनाव जीतने पर पार्कों के सुंदरीकरण और म्युनिसपल स्कूलों के कायाकल्प के साथ शहर को जाम से निजात दिलवाएंगी। इसके साथ पानी सप्लाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था को भी दुरुस्त करवाएंगी।एनबीटी के सवाल-
चुनाव से पहले आप कहीं राजनीति में नहीं थीं। अचानक टिकट मिला। ऐसे में जनता भरोसा कैसे करे?
हम नि:स्वार्थ भाव से लोगों की मदद करते रहे हैं। मौका मिला है तो जनता के बीच आए हैं। उम्मीद है कि जनता हमें सेवा का मौका जरूर देगी।

कांग्रेस सभी वॉर्डों में प्रत्याशी तक नहीं उतार पाई है। इसे आप किस रूप में देख रही हैं?
पार्टी ने सभी सीटों पर टिकट दिया था। दस्तावेज में दिक्कत से कुछ सीटों पर नामांकन खारिज हो गए।

अगर जीतती हैं तो अतिक्रमण से कैसे निपटेंगी। फुटपाथ बचे नहीं हैं। सड़कों पर भी अतिक्रमण हो चुका है?
अतिक्रमण बड़ी समस्या है। पुराने शहर में तो चलने के लिए बमुश्किल सड़क बचती है। दुकानदारों, व्यापारी नेताओं और अतिक्रमण करने वालों से बात कर अतिक्रमण हटवाएंगे।

अगर मेयर बनीं तो अतिक्रमण रोकने के लिए क्या प्लॉनिंग होगी?
हर जोन के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। नया अतिक्रमण मिला तो कार्रवाई होगी। पुराने अतिक्रमण भी हटवाए जाएंगे।

बारिश होते ही पूरे शहर में जलभराव हो जाता है। इससे कैसे निपटेंगी?
नालियों की सफाई व्यवस्थित ढंग से करवाने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। टुकड़ों में सफाई करवाने के बजाए एक साथ नालों-नालियों की सफाई करवाई जाएगी।

चुनाव जीतीं तो नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार से कैसे निपटेंगी?
जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। मॉनिटरिंग बॉडी बनाई जाएगी। गड़बड़ी मिली तो सख्ती से निपटा जाएगा।

लोगों के सवाल-
लोगों को कचरे के ढेर से कैसे निजात दिलाएंगी? नीरज, इस्माईलगंज प्रथम वॉर्ड
पहली बार मेयर पद की उम्मीदवार हूं। शहर को कूड़े-कचरे के ढेर से निजात दिलवाना मेरा लक्ष्य है।

मेयर बनीं तो नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और सीवर सफाई के लिए आप क्या करेंगी? वारिस अली खान, राजाजीपुरम
भ्रष्टाचार दूर करने के लिए मॉनिटरिंग बॉडी दुरुस्त की जाएगी। ऑनलाइन सिस्टम प्रभावी किया जाएगा। सीवर की सफाई मशीनों से करवाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि कोई जनहानि न हो।

खाली प्लॉटों में लोग कूड़ा डाल देते हैं। मेयर बनी तो इसे कैसे रोंकेंगी? हर्षवर्धन दीक्षित, राजाजीपुरम
जागरूकता अभियान चलवाएंगे। कूड़ा डालने वालों को जागरूक करेंगे।

अगर जीतती हैं तो कूड़ा उठान की समस्या को कैसे दूर करेंगी? विवेक कुमार, ज्ञान विहार कॉलोनी, चिनहट
कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी जिस कंपनी को दी जाएगी, उसे बेहतर ढंग से कार्य करना होगा। अगर वह गड़बड़ी करता है तो ब्लैक लिस्ट कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मेयर बनीं तो आवारा कुत्तों की रोकथाम के लिए क्या करेंगी? जतिन अग्रवाल, विशाल खंड गोमतीनगर
आवारा कुत्तों की जनसंख्या नियंत्रित करने के ठोस उपाय करवाए जाएंगे। लाइसेंस और टीके लगवाना सुनिश्चित करवाया जाएगा।

आवासीय प्लॉट पर कमर्शल गतिविधियां चलती हैं। क्या ऐसे भवन स्वामियों से कमर्शल टैक्स वसूला जाएगा? हरप्रीत भाटिया
इसकी पूरी कार्ययोजना बनाई जाएगी।

पांच विजन
– फूलप्रूफ कार्ययोजना तैयार करवाकर शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाएंगे।
– कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त करवाएंगे।
– म्युनिसपल स्कूलों के बच्चों को एक छत के नीचे अपडेट करने की व्यवस्था होगी।
– हैवी टैक्सेशन से निजात दिलवाने का प्रयास रहेगा।
– भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को नया प्लैटफॉर्म देने का प्रयास किया जाएगा।

संगीता क्यों बनीं प्रत्याशी?
रकाबगंज में रहने वाली संगीता जायसवाल के पति राजेश कुमार जायसवाल कारोबारी हैं और ऑक्सिजन मैन के नाम से जाने जाते हैं। कोरोना काल में दोनों ने ऑक्सिजन मुहैया करवाकर कई लोगों की जान बचाई। इसके अलावा अन्य तरीकों से भी लोगों की मदद की। संगीता घरेलू महिला होने के साथ समाजसेवा से भी जुड़ी हैं। उनके पति राजेश कई कल्चरल संस्थाओं के अध्यक्ष और चेयरमैन भी हैं।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News