तेजस्वी और सहनी के भरोसे कांग्रेस का चुनाव प्रचार, राहुल और प्रियंका गांधी को बिहार के लिए फुरसत नहीं?

9
तेजस्वी और सहनी के भरोसे कांग्रेस का चुनाव प्रचार, राहुल और प्रियंका गांधी को बिहार के लिए फुरसत नहीं?

तेजस्वी और सहनी के भरोसे कांग्रेस का चुनाव प्रचार, राहुल और प्रियंका गांधी को बिहार के लिए फुरसत नहीं?

लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस बिहार की 40 में से 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। मगर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सरीखे बड़े नेता एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारक बिहार में पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। इस कारण बिहार में कांग्रेस के उम्मीदवार अपने चुनाव प्रचार के लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के भरोसे बैठे हैं।

पूर्व कांग्रेस एमएलसी प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा कि तेजस्वी और सहनी बिना किसी भेदभाव के लिए INDIA गठबंधन के सभी उम्मीदवारों के पक्ष में मजबूती से प्रचार में जुटे हैं। दोनों नेताओं ने शुरुआती चरणों में किशनगंज, कटिहार और भागलपुर में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां कीं। 

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि राज्य में पार्टी के सभी उम्मीदवारों ने राहुल गांधी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, कन्हैया कुमार और अन्य नेताओं को बुलाने की मांग की है। हालांकि, ये सभी अन्य राज्यों में व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के चलते बिहार के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी स्वास्थ्य कारणों से चुनाव प्रचार से दूरी बनाए हुए है। ऐसे में तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी ही महागठबंधन के प्रचार में जुटे हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में तत्कालीन बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्तिसिंह गोविल ने लगातार राज्य में कैंप किया था और कई सीटों पर प्रचार भी किया। मगर मौजूदा प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश स्वास्थ्य कारणों से देरी से बिहार में आए और खुद को पार्टी दफ्तर तक ही सीमित रखा हुआ है।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता ब्रजेश पांडेय का कहना है कि राहुल गांधी ने भागलपुर में पार्टी के प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में रैली की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी पूर्णिया और कटिहार में जनसभा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अभी आर्थिक दिक्कतों से जूझ रही है, इसका असर चुनाव प्रचार पर भी पड़ रहा है। 

पीएम मोदी तो बिहार आ रहे, कांग्रेस के बड़े नेता कहां गायब हैं? चिराग पासवान का तेजस्वी से सवाल

कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछले चुनाव की तरह पार्टी के कुछ स्थानीय नेता भी चुनाव प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। इनमें पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शकील अहमद एवं चंदन बागची, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व एआईसीसी सचिव तारिक अनवर, पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार, कन्हैया कुमार, पूर्व एमएलसी प्रेम चंद्र मिश्रा का नाम शामिल है। यहां तक कि मौजूदा कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान भी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार का समय नहीं निकाल पा रहे हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि चुनाव प्रचार समिति और चुनाव प्रबंधन समिति का गठन प्रदेश स्तर पर नहीं किया जा सकता है। ऐसे में चुनाव प्रचार के लिए आलाकमान से मंजूरी लेनी होती है। बता दें कि बिहार में कांग्रेस महागठबंधन के तहत 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, पटना साहिब, सासाराम, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और महाराजगंज शामिल हैं।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News