कोरोना मुक्त होने प्रदेश को साढ़े 9 करोड़ डोज की दरकार

277

कोरोना मुक्त होने प्रदेश को साढ़े 9 करोड़ डोज की दरकार

यही रफ्तार रही तो लगेंगे छह महीने

साढ़े 5 करोड़ से ज्यादा की आबादी को चाहिए टीका

 

भोपाल : दो करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा पार करने में प्रदेश को 164 दिन लग गए। इसमें अच्छी बात ये रही कि महाअभियान ने प्रदेश में टीकाकरण के पूरे गणित को बदल लिया। 21 जून से 28 जून के बीच 51 लाख डोज लगाए गए। जो कि इस पूरे आंकड़े का 25 फीसदी है। सरकार ने 30 जून तक 50 लाख डोज लगाने का लक्ष्य रखा था जो पूरा हो गया। औसत रुप से देखें तो 21 से 30 जून के दस दिन में रोजाना पांच लाख से ज्यादा डोज लगाए गए। प्रदेश को कोरोना मुक्त होने के लिए अभी भी साढ़े नौ करोड़ डोज की दरकार है। यदि टीकाकरण की यही रफ्तार रही तो प्रदेश की आबादी को टीका लगने छह से सात महीने लगेंगे। सरकार का ये टारगेट अब केंद्र सरकार पर निर्भर करता है। वैक्सीन के लिए अब प्रदेश की निगाहें केंद्र सरकार की ओर लगी हुई हैं। वैक्सीन की कमी के कारण ही बुधवार को कोविड टीकाकरण नहीं रखा गया है।

ये है संपूर्ण टीकाकरण का समीकरण :
अभी 18 पार उम्र वालों का ही टीकाकरण किया जा रहा है। प्रदेश में करीब 5 करोड़ 70 लाख लोगों को वैक्सीन के दो डोज लगने हैं। इस आबादी के लिए प्रदेश को 11 करोड़ 40 लाख यानी करीब साढ़े 11 करोड़ डोज की आवश्यकता है। इसमें से दो करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं, किसी को पहला तो किसी को दूसरा डोज दिया गया है। अब प्रदेश को साढ़े नौ करोड़ डोज की और जरुरत है। प्रदेश में वैक्सीन की कमी के कारण ही लगातार दो दिन कोविड टीकाकरण नहीं किया गया। यदि केंद्र सरकार ने इसी तरह वैक्सीन डोज की आपूर्ति प्रदेश में की और प्रदेश में इसी रफ्तार से टीकाकरण का अभियान चलता रहा तो इस इतनी आबादी को छह से सात महीने में संपूर्ण टीकाकरण किया जा सकता है।

1 और 3 जुलाई को विशेष अभियान :
प्रदेश में एक बार फिर 1 जुलाई और 3 जुलाई को वैक्सीनेशन का विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 1 जुलाई को कोविशील्ड वैक्सीन के सत्र आयोजित किए जाएंगे। जहां पहला और दूसरा दोनों डोज लगेगे। वहीं, 3 जुलाई को सिर्फ कोवैक्सीन के सत्र आयोजित होगे। इसमें पहला डोज लगा चुके नागरिकों को सिर्फ दूसरा डोज ही लगाया जाएगा। एनएचएम की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों में सरकारी विभागों के हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहला और दूसरा दोनों डोज लगाने का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। दूसरा डोज लगाने से छूटे लोगों से संपर्क कर और व्यापक प्रचार-प्रसार कर निकट के वैक्सीनेशन सत्र पर बुला कर वैक्सीन लगाने के प्रयास करने को कहा है। वहीं महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों की सीमा से सटे गांव की सूची बनाकर विशेष प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन सत्र आयोजित करने को कहा गया है।

ये है वैक्सीनेशन की स्थिति :
– कुल टीकाकरण – 20283723

– फ्रंट लाइन वर्कर और हेल्थ वर्कर :
– पहला डोज – 1024423
– दूसरा डोज – 675520

18 से 45 उम्र वर्ग :
– पहला डोज – 86622002
– दूसरा डोज – 1454402

45 पार उम्र वर्ग :
– पहला डोज – 8205234
– दूसरा डोज – 1571142





उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News