एक दिन पहले फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की थी

10
एक दिन पहले फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की थी

एक दिन पहले फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की थी

मुंबई: बीते कुछ दिनों से महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोरों पर थी। एक दिन पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर सियासी अटकलें शुरू थीं। इसी बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दरम्यान बुधवार आधी रात को मुलाकात हुई। अब यह मुलाकात भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इस मुलाकात की वजह से एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा शुरू हो गयी है। यह भी कहा जा रहा है कि राज ठाकरे की पार्टी मनसे को गठबंधन में लेने के विषय पर भी चर्चा हुई है। सूत्रों की माने तो सीएम के सरकारी निवास स्थान वर्षा बंगले पर हुई इस मुलाकात में समविचारी दलों को गठबंधन में शामिल करने पर भी चर्चा हुई है। दरअसल सकाल मीडिया का सर्वे और इसके पहले हुए सर्वे के मुताबिक महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी का पलड़ा भारी है। ऐसे में बीजेपी की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

माना जा रहा है कि यह मुलाकात इसी वजह से हुई है। आने वाले दिनों में बीएमसी के चुनाव होने हैं। यह चुनाव बीजेपी और उद्धव ठाकरे के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है। बीजेपी ने बीएमसी चुनाव की जिम्मेदारी मुंबई अध्यक्ष और पूर्व मंत्री आशीष शेलार को सौंपी है। बीएमसी चुनाव में पिछली बार बीजेपी ने आशीष शेलार की अगुवाई में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।

मनसे से हाथ मिलाएगी बीजेपी?
वर्षा बंगले पर आधी रात दो घंटे तक एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की अहम मीटिंग हुई। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जिसमें आगामी चुनाव को देखते हुए राज ठाकरे और अन्य समविचारी दलों के गठबंधन में शामिल करने का मुद्दा। मंत्रिमंडल विस्तार, मानसून को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। यह भी कहा जा रहा है कि इस मीटिंग के दौरान बीजेपी का दूसरा कोई भी नेता मौजूद नहीं था। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि मानसून के पहले कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ!
सत्ता संघर्ष पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। शिंदे-फडणवीस गठबंधन के नेताओं ने मंत्रिमंडल विस्तार की भी मांग की है। इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार में कितने लोगों को शामिल किया जाए। किस-किस को मौका दिया जाए और किसे नहीं। साथ ही किसके नाम पर विवाद है। इन सभी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि मानसून सत्र के पहले शिंदे सरकार का कैबिनेट विस्तार हो जायेगा।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News