इटावा में लापता युवक का शव कुएं में मिला: सात दिन से लापता था युवक, तेज बदबू आने पर पता चला – Etawah News h3>
इटावा में सात दिन से लापता युवक का शव गांव के पास एक खेत के कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक घर से नाराज होकर निकला था और उसके बाद से लापता था। दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को शव का पता चला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कुएं से शव मिलने से फैली सनसनी बसरेहर थाना क्षेत्र के चकवा खुर्द गांव निवासी 35 वर्षीय रजनीश का शव गांव के पास माधो सिंह के खेत में बने कुएं में मिला। सोमवार को खेतों में जानवर चरा रहे किसानों को कुएं से तेज दुर्गंध आई। जब उन्होंने अंदर झांककर देखा तो एक शव औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सात दिन पहले घर से निकला था युवक बताया गया कि रजनीश 28 अप्रैल को घरेलू कहासुनी के बाद नाराज होकर घर से निकल गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसके पिता जगराम सिंह यादव ने बसरेहर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी। पहचान के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने पुत्र रजनीश के रूप में की। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पत्नी नीतू और तीनों बच्चों सहित पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। फोरेंसिक जांच हुई घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस युवक की तलाश कर रही थी और अब मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिवार ने किसी विवाद से किया इनकार मृतक के पिता जगराम ने बताया कि उनका पुत्र घर से नाराज होकर गया था और परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि रजनीश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews