अयोध्या में राम वन गमन मार्ग पर रामायणकालीन वृक्षों की बनेगी वाटिका

296

अयोध्या में राम वन गमन मार्ग पर रामायणकालीन वृक्षों की बनेगी वाटिका

राम वन गमन मार्ग के किनारे रामायणकालीन प्रजातियों के पौधों का रोपण कराया जाएगा।

लखनऊ। अयोध्या में राम वन गमन मार्ग पर आस-पास की ग्राम सभाओं की भागीदारी से रामायणकालीन वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके तहत रामजन्मभूमि परिसर से वन प्रभाग के बीकापुर रेंज की बेरूगंज ग्राम सभा तक लगभग 34 किमी विस्तारित क्षेत्र में 30 करोड़ पौधों की वाटिका का लक्ष्य रखा गया है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में अयोध्या से चित्रकूट तक राम वन गमन मार्ग में मिलने वाली 88 वृक्ष प्रजातियों एवं वनों एवं वृक्षों के समूह का उल्लेख है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2021 के तहत कराए जाने वाले व्यापक वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि 2021 में राज्य सरकार ने व्यापक जनसहभागिता से 30 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री को बैठक में अवगत कराया गया कि वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2021 के अन्तर्गत वन विभाग द्वारा 26 राजकीय विभागों व व्यापक जन सहयोग के माध्यम से 30 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान राम वन गमन मार्ग के किनारे रामायणकालीन प्रजातियों के पौधों का रोपण कराया जाएगा।

रामायण में उल्लिखित 88 वृक्ष प्रजातियों में से कई विलुप्त हो चुकी हैं अथवा देश के अन्य भागों तक सीमित हो गई हैं। यथा रामायण में उल्लिखित रक्त चन्दन के वृक्ष वर्तमान में दक्षिण भारत तक सीमित हैं। वन विभाग द्वारा राम वन गमन मार्ग में पडऩे वाले जनपदों-अयोध्या, प्रयागराज, चित्रकूट में रामायण में उल्लिखित 88 वृक्ष प्रजातियों में से प्रदेश की मृदा, पर्यावरण व जलवायु के अनुकूल 30 वृक्ष प्रजातियों का रोपण कराया जा रहा है। यह वृक्ष प्रजातियां-साल, आम, अशोक, कल्पवृक्ष/पारिजात, बरगद, महुआ, कटहल, असन, कदम्ब, अर्जुन, छितवन, जामुन, अनार, बेल, खैर, पलाश, बहेड़ा, पीपल, आंवला, नीम, शीशम, बांस, बेर, कचनार, चिलबिल, कनेर, सेमल, सिरस, अमलतास, बड़हल हैं। इन जनपदों में इन वृक्षों के रोपण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अयोध्या में राम वन गमन मार्ग रामजन्मभूमि परिसर से प्रारम्भ होकर अयोध्या वन प्रभाग के बीकापुर रेंज की बेरूगंज ग्राम सभा तक लगभग 34 किमी विस्तारित है। इस मार्ग एवं आस-पास की ग्राम सभाओं में वर्षाकाल वर्ष 2021 में 27,000 पौधे खण्ड वृक्षारोपण के रूप में तथा 220 पौधे ब्रिकगार्ड बनाकर रोपे जाएंगे।











उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News