महाराष्ट्र: दिवाली से पहले सूखा प्रभावित किसानों को 5,000 रुपये की मदद, सरकार बोली - 'यह आखिरी किस्त नहीं'
महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए राज्य सरकार ने दिवाली से पहले एक अहम राहत का ऐलान किया है। प्रदेश कैबिनेट ने प्रभावित किसानों को 5,000 रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव…
महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए राज्य सरकार ने दिवाली से पहले एक अहम राहत का ऐलान किया है। प्रदेश कैबिनेट ने प्रभावित किसानों को 5,000 रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। सरकार का कहना है कि यह राशि त्योहार के मौके पर किसानों को तत्काल राहत देने के उद्देश्य से जारी की जा रही है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायक राम कदम ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, "ऐसे कठिन समय में किसानों के साथ खड़े रहना सरकार की जिम्मेदारी है। यह सहायता की अंतिम किस्त नहीं है, सरकार आने वाले समय में और भी बड़ी मदद करेगी।"
कर्ज वसूली पर सख्त चेतावनी
राम कदम ने कर्ज वसूली को लेकर बैंकों को सख्त चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जो लोग कर्ज में डूबे किसानों के घरों पर वसूली के लिए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थिति को प्राकृतिक आपदा बताते हुए कहा, "यह प्राकृतिक आपदा का समय है, जिसमें किसान और उनका पूरा परिवार दुखी है। प्रदेश की 306 से अधिक तहसीलें सूखे से प्रभावित हैं।" कदम ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार दोनों किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।
'किसान अकेला महसूस न करे'
महायुति सरकार के इस कदम पर शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने भी बयान दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद एक किसान हैं और किसानों के सुख-दुख को अच्छी तरह समझते हैं। शायना एनसी ने कहा, "खासकर दीपावली के अवसर पर हमारी मांग थी कि हर किसान परिवार को 5,000 रुपये की सहायता दी जाए, ताकि वे अपने घरों में खुशी के साथ दीपावली मना सकें।" उन्होंने आगे कहा कि यह राशि भले ही छोटी लगे, लेकिन त्योहार पर यह किसानों के लिए एक संबल का काम करेगी और सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी किसान परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
इनपुट: IANS



