सरकारी नौकरी: कोल इंडिया की कंपनी में 444 पदों पर भर्ती, ₹47,000 से ज़्यादा सैलरी, 10 अगस्त तक मौका
अगर आप कोयला खनन क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अच्छा अवसर है। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की सहायक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने 444 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन…
अगर आप कोयला खनन क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अच्छा अवसर है। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की सहायक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने 444 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 अगस्त 2024 तक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती अभियान असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी) और माइनिंग सरदार के पदों के लिए है। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 47,330.25 रुपये के शुरुआती वेतन के अलावा अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो चुकी है।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
डब्ल्यूसीएल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 444 रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- माइनिंग सरदार (टी एंड एस ग्रेड-सी): कुल 220 पद। इनमें अनारक्षित (101), EWS (22), SC (24), ST (38) और OBC-NCL (35) पद शामिल हैं।
- असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी) - इलेक्ट्रिकल (टी एंड एस ग्रेड-सी): कुल 224 पद। इसमें अनारक्षित (91), EWS (22), SC (26), ST (29) और OBC-NCL (56) पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
दोनों पदों के लिए अलग-अलग योग्यताएं निर्धारित की गई हैं:
- माइनिंग सरदार: उम्मीदवारों के पास DGMS द्वारा जारी वैध माइनिंग सरदार सक्षमता प्रमाणपत्र, गैस टेस्टिंग और प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र के साथ भूमिगत खदानों में 3 साल का अनुभव होना चाहिए। या, माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा के साथ वैध ओवरमैन सक्षमता, गैस टेस्टिंग और प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र आवश्यक है।
- असिस्टेंट फोरमैन: इस पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 3 वर्षीय इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा और सरकार द्वारा जारी वैध इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजरी सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इन पदों पर आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि यानी 10 अगस्त 2024 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। वहीं, SC/ST, PwBD, ESM और विभागीय उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। इसमें प्राप्त आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT), शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेजों का सत्यापन और अंत में मेडिकल परीक्षण शामिल है।
इनपुट: IANS



