DTU में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मौका, 219 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) ने शिक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने सीधी…
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) ने शिक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने सीधी भर्ती के तहत 27 विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 219 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 7 दिसंबर शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद, उम्मीदवारों को सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी यूनिवर्सिटी के पते पर भेजनी होगी।
किन विभागों में कितनी रिक्तियां?
जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, सबसे ज्यादा 36 पद कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में हैं। इसके अलावा सिविल इंजीनियरिंग और प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में 20-20, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 18, और एप्लाइड फिजिक्स में 15 पद शामिल हैं। अन्य प्रमुख विभागों में एप्लाइड केमिस्ट्री (4), केमिकल इंजीनियरिंग (4), एप्लाइड मैथमेटिक्स (11), मैनेजमेंट (10), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (4), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (8), ह्यूमैनिटीज (इकोनॉमिक्स-5, इंग्लिश-3), इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (9), बायोटेक्नोलॉजी (6) और डिजाइन (3) जैसे कई विषय शामिल हैं।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए आवेदन करते समय सामान्य और ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों को 3,000 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि EWS, SC और ST वर्ग के लिए यह राशि 1,000 रुपये है। दिव्यांगजनों (PwBD) को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। IANS के अनुसार, योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, दस्तावेजों के सत्यापन, प्रेजेंटेशन और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन के बाद क्या करें?
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद, अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की कॉपी के साथ सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्र, अनुभव, श्रेणी प्रमाण-पत्र, शुल्क रसीद और अन्य संबंधित दस्तावेजों को एक लिफाफे में डालकर डाक द्वारा भेजना होगा। यह लिफाफा 'भर्ती सेल, कमरा नंबर 818, 8वीं मंजिल, एबी-3 ब्लॉक, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, शाहबाद दौलतपुर, बवाना रोड, दिल्ली - 110042' पते पर अंतिम तिथि तक पहुंच जाना चाहिए।
इनपुट: IANS



