लखनऊ: LDA के जेई और सुपरवाइजर समेत तीन लोग 7.5 लाख की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में भ्रष्टाचार के एक मामले में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एक निर्माणाधीन साइट पर काम रुकवाने की…
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में भ्रष्टाचार के एक मामले में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एक निर्माणाधीन साइट पर काम रुकवाने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की घूस मांगने के आरोप में एक अवर अभियंता (JE), एक सुपरवाइजर और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने इन लोगों को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 7.50 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा ने उनके निर्माण स्थल का दौरा कर काम बंद करने का आदेश दिया। इसके बाद वर्मा ने बताया कि श्रवण कुमार नाम के एक व्यक्ति ने जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर उनके निर्माण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और निपटारे के लिए उसी से बात करने को कहा।
कैसे बिछाया गया था रिश्वत का जाल
पीड़ित का आरोप है कि जब वह श्रवण कुमार से मिला, तो उसने कार्रवाई न करने के एवज में 15 लाख रुपए की मांग की और कहा कि उसकी जेई से बात हो चुकी है। इसके बाद जब शिकायतकर्ता एलडीए कार्यालय गया, तो वहां अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने भी 15 लाख रुपए मांगे और आगे की बातचीत सुपरवाइजर से करने को कहा।
किश्तों में तय हुई रकम, फिर हुई कार्रवाई
पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम एक साथ देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद 7.5-7.5 लाख रुपए की दो किश्तों में सौदा तय हुआ। इसके तुरंत बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत विजिलेंस टीम से कर दी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए टीम ने जाल बिछाया और शनिवार को तीनों आरोपियों को पहली किश्त के 7 लाख 50 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि बरामद रकम के साथ आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच चल रही है।
इनपुट: IANS



