बांग्लादेश: रिटायर्ड हिंदू शिक्षक के परिवार की हत्या पर VHP का आक्रोश, सरकार से की सख़्त कार्रवाई की माँग
बांग्लादेश में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक और उनके परिवार के सदस्यों की कथित हत्या की खबर पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने गहरा रोष व्यक्त किया है। संगठन ने इस घटना को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए बांग्लादेश…
बांग्लादेश में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक और उनके परिवार के सदस्यों की कथित हत्या की खबर पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने गहरा रोष व्यक्त किया है। संगठन ने इस घटना को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए बांग्लादेश सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, "बांग्लादेश में जिस तरह से चार-पांच हिंदुओं की उनके घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई, और वह भी एक ऐसे टीचर के परिवार की जो हाल ही में रिटायर हुए थे, यह बहुत चिंता की बात है।" उन्होंने सवाल उठाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं का यह सिलसिला आखिर कब रुकेगा।
सरकार और मानवाधिकार संगठनों से अपील
विनोद बंसल ने बांग्लादेश की नई सरकार से उम्मीदों का जिक्र करते हुए कहा, "जब बांग्लादेश में नई सरकार बनी थी तो उम्मीद थी कि हालात और परिस्थितियां बदलेंगी। एक युवा प्रधानमंत्री आए हैं, जो कम से कम अपने नागरिकों की सुरक्षा तो कर पाएंगे, लेकिन जो दुखद समाचार आया है, वह बहुत ही चिंतनीय और निंदनीय है और सरकार के लिए भी आंखें खोल देने वाला है।"
उन्होंने आगे कहा, "उम्मीद करनी चाहिए कि वर्तमान सरकार इस मामले में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। गहराई से जांच करेगी और अपराधियों को दंड दिलवाएगी।" बंसल ने इन हत्याओं को हिंदुओं के मानवाधिकार का हनन बताते हुए इस सिलसिले पर पूर्ण विराम लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। VHP प्रवक्ता ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उनसे भी हिंदुओं के अधिकारों के लिए साहस दिखाने का आग्रह किया।
इनपुट: IANS



