नालंदा: शराब तस्करों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग, एक सिपाही की गोली लगने से मौत
बिहार के नालंदा ज़िले में शराब तस्करों का पीछा कर रही उत्पाद विभाग की एक टीम पर हुए हमले में एक सिपाही की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़…
बिहार के नालंदा ज़िले में शराब तस्करों का पीछा कर रही उत्पाद विभाग की एक टीम पर हुए हमले में एक सिपाही की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह घटना पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर एक फ्लाईओवर के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम शराब से लदी एक पिकअप वैन को रोकने का प्रयास कर रही थी। गोलीबारी के बाद मौके पर मची अफरातफरी का फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनके लिए रेकी करने वाला 'लाइनर' गाड़ी समेत फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर हुई थी कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना स्थित एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) को झारखंड से शराब की एक बड़ी खेप नालंदा लाए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर EIB की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई शुरू की।
टीम ने नवादा ज़िले के खराट मोड़ से ही शराब लदे वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया था। नालंदा पहुँचने पर जब उन्होंने पिकअप वैन को घेरने की कोशिश की, तभी तस्करों के साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पटना में इलाज के दौरान मौत
गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके साथी उन्हें तुरंत पावापुरी के भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले गए। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जहाँ उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इनपुट: IANS



