गुरूवार, 20 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने पर सियासी घमासान, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को पूरा गाने या सिर्फ शुरुआती दो पैराग्राफ गाने को लेकर देश में एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है। कांग्रेस ने अपने 1937 के उस ऐतिहासिक फैसले को दोहराया है जिसमें सिर्फ पहले दो…

‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने पर सियासी घमासान, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
(फोटो: IANS)

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को पूरा गाने या सिर्फ शुरुआती दो पैराग्राफ गाने को लेकर देश में एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है। कांग्रेस ने अपने 1937 के उस ऐतिहासिक फैसले को दोहराया है जिसमें सिर्फ पहले दो पैराग्राफ गाने की बात कही गई थी। इस मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस के समर्थन में हैं, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे देश के शहीदों का अपमान बताया है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कांग्रेस का कहना है कि यह रुख कोई नया नहीं, बल्कि दशकों पुराना है। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा, "वंदे मातरम पर कांग्रेस का रुख 1937 के कोलकाता अधिवेशन से चला आ रहा है। तब महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे महान नेताओं ने इस पर चर्चा की और कांग्रेस कार्य समिति ने प्रस्ताव पारित किया कि वंदे मातरम के पहले दो पैराग्राफ ही गाए जाएंगे।" उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फैसला आज भी कायम है और हमेशा रहेगा।

विपक्ष का एकजुट रुख

कांग्रेस का तर्क है कि 1937 में ही यह तय हो गया था कि गीत के शुरुआती दो पैराग्राफ राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं और सभी समुदायों को स्वीकार्य हैं। इसी रुख का समर्थन करते हुए कोल्लम से आरएसपी सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन ने भी इंडिया गठबंधन की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, "राष्ट्रगीत लोगों को बांटने के लिए नहीं, बल्कि एकजुट करने के लिए है। संविधान सभा और बाद के प्रस्तावों में सर्वसम्मति से यह तय हुआ था कि इस गीत को मौजूदा पदों के साथ ही गाया जाए। अब सरकार का उस फैसले को बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है।"

भाजपा का कड़ा विरोध

दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस के इस रुख की तीखी आलोचना की है। मुंबई में भाजपा विधायक राम कदम ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा, "'वंदे मातरम' क्रांतिकारियों का नारा और आजादी की लड़ाई में प्रेरणा का स्रोत था। कई देशभक्तों ने 'वंदे मातरम' का नारा लगाते हुए फांसी का फंदा चूमा, जेल काटी और लाठियां खाईं।" कदम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार इस गीत की आलोचना कर देश के लिए जान देने वाले शहीदों का अपमान कर रही है, जिसके कारण देशभर में उसकी आलोचना हो रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →