उत्तर प्रदेश: नामी ब्रांड्स की नकली दवाओं का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, 7.5 करोड़ से ज़्यादा की खेप ज़ब्त
उत्तर प्रदेश में नामी दवा कंपनियों के लोकप्रिय ब्रांड्स की हू-ब-हू नकल कर नकली दवाएं बेचने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) की राज्यव्यापी…
उत्तर प्रदेश में नामी दवा कंपनियों के लोकप्रिय ब्रांड्स की हू-ब-हू नकल कर नकली दवाएं बेचने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) की राज्यव्यापी कार्रवाई में अब तक 7.57 करोड़ रुपये की नकली और संदिग्ध दवाएं ज़ब्त की गई हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में 24 एफआईआर दर्ज कर 45 फर्मों और 90 लोगों को नामज़द किया गया है।
यह नेटवर्क न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि अन्य राज्यों में भी फैला हुआ था। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी बिलिंग, कई औषधि लाइसेंसों और एक ही नाम से कई फर्में चलाकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। कार्रवाई के दौरान उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी अवैध दवा निर्माण इकाइयों का पता चला है।
कैसे काम करता था यह नेटवर्क?
अमरोहा-मुरादाबाद में सामने आया एक मामला इस गिरोह के काम करने के तरीके को उजागर करता है। यहां आरोपियों ने एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ दवा फर्मों के लाइसेंस ले रखे थे। इन फर्मों का इस्तेमाल दवा बेचने के बजाय फर्जी बिलिंग और नकली दवाओं के भंडारण व वितरण के लिए किया जा रहा था। इस मामले की शुरुआत तब हुई जब अमरोहा के एक मेडिकल स्टोर से 12 जून 2026 को मोक्सीफिट-सीवी 625 टैबलेट का सैंपल लिया गया, जो जांच में नकली पाया गया।
इसकी सप्लाई चेन की जांच करते हुए विभाग मुरादाबाद की मैसर्स जेड आर मेडिकल और मैसर्स एरिबा फार्मास्युटिकल्स तक पहुंचा। इस मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों- रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।
इन बड़े ब्रांड्स की नकली दवाएं मिलीं
यह गिरोह सिर्फ़ एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों लोकप्रिय दवाओं की नकल बना रहा था। IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, ज़ब्त की गई दवाओं में ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट का केनोकॉर्ट इंजेक्शन, एल्केम की क्लैवम और पैन-डी, ग्लैक्सो की ऑग्मेंटिन 625, और मैनकाइंड की गुडसेफ जैसी कई बड़ी कंपनियों के उत्पाद शामिल हैं। इनके अलावा दर्द निवारक, एंटीबायोटिक और गैस्ट्रिक जैसी अन्य दवाओं के नकली संस्करण भी बाज़ार में उतारे जा रहे थे।
राज्य भर में फैला जाल
अब तक आगरा और लखनऊ में 9-9, वाराणसी में 2, और सहारनपुर, गोंडा, मेरठ व रायबरेली में 1-1 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जांच में कई ऐसे लोगों के नाम सामने आए हैं जो एक से ज़्यादा मामलों में आरोपी हैं, जिससे एक संगठित गिरोह की मौजूदगी का संकेत मिलता है। विभाग अब इन फर्मों के औषधि लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया में है और नकली दवाओं के मुख्य निर्माण स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।
इनपुट: IANS



