रूस पर यूरोप में 'हाइब्रिड अभियान' चलाने का आरोप, फिनलैंड ने डेनमार्क के साथ एकजुटता दिखाई
यूरोप में रूस की गतिविधियों को लेकर तनाव बढ़ता दिख रहा है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने रूस पर यूरोप में एक 'हाइब्रिड अभियान' चलाने का आरोप लगाया है, जिसका उदाहरण उन्होंने डेनमार्क में…
यूरोप में रूस की गतिविधियों को लेकर तनाव बढ़ता दिख रहा है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने रूस पर यूरोप में एक 'हाइब्रिड अभियान' चलाने का आरोप लगाया है, जिसका उदाहरण उन्होंने डेनमार्क में हुई हालिया कार्रवाइयों को बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिनलैंड इस दबाव के आगे नहीं झुकेगा और यूक्रेन को अपना समर्थन देना जारी रखेगा।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राष्ट्रपति अलेक्जेंडर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रूस का यह तथाकथित 'हाइब्रिड अभियान' फिनलैंड को डराने और यूक्रेन के प्रति उसके समर्थन को कमजोर करने की एक कोशिश है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। स्टब ने जोर देकर कहा कि फिनलैंड अपने नॉर्डिक मित्र और नाटो सहयोगी डेनमार्क के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है।
यूक्रेन को समर्थन और क्षेत्रीय सुरक्षा
फिनलैंड के राष्ट्रपति ने अपने बयान में दोहराया कि यूक्रेन के लिए उनका समर्थन अटूट रहेगा। उन्होंने कहा, "हमारे पड़ोसी और सहयोगी डेनमार्क के प्रति हमारी पूरी एकजुटता है। यूक्रेन के लिए हमारा अटूट समर्थन जारी रहेगा।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि क्षेत्रीय सुरक्षा आपस में जुड़ी हुई है और पड़ोसियों की रक्षा करना अपनी ही सुरक्षा को मजबूत करने जैसा है।
स्वीडन ने भी की रूसी कार्रवाई की आलोचना
फिनलैंड के अलावा स्वीडन ने भी रूस के खिलाफ़ आवाज़ उठाई है। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने पोलैंड के हवाई क्षेत्र का बार-बार उल्लंघन किए जाने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने 'एक्स' पर इसे रूस की ओर से एक "गंभीर उकसावे वाली कार्रवाई" बताया, जो शुक्रवार रात को कई बार हुई।
क्रिस्टर्सन ने बताया कि स्वीडिश 'जेएएस ग्रिपेन' लड़ाकू विमानों ने पोलैंड की मदद के लिए अभियान में हिस्सा लिया, जिसका एक मकसद यूक्रेन तक सैन्य और अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति के रास्तों को सुरक्षित करना भी था। उन्होंने यह भी कहा कि डेनमार्क ने अपने क्षेत्र में एक यूक्रेनी कलाकार की हत्या की कोशिश के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है।
इनपुट: IANS



