समाज को बांटने वाले अंत में खुद कमजोर होते हैं: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हिंदू एकता पर जोर
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाज को बांटकर राजनीति करने वालों पर निशाना साधा है। प्रतापगढ़ के कुंडा में अपनी राम कथा के समापन पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अंत में खुद ही…
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाज को बांटकर राजनीति करने वालों पर निशाना साधा है। प्रतापगढ़ के कुंडा में अपनी राम कथा के समापन पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अंत में खुद ही कमजोर हो जाते हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अवसर पर उन्होंने हिंदू एकता का पुरजोर आह्वान भी किया।
शास्त्री ने कहा, "कई लोग हिंदू एकता से डरते हैं। वे सनातन एकता से डरते हैं। कुछ लोग अपनी जाति-आधारित राजनीति साधना चाहते हैं, इसलिए उनके मन में कहीं न कहीं कुंठा भरी होती है और जो कुंठित रहता है, वह बैकुंठ नहीं पहुंच पाता।" उन्होंने जोर देकर कहा कि एकता ही सनातन की असली पहचान है।
सनातनियों से एकजुट होने की अपील
पंडित शास्त्री ने देश, धर्म और संविधान की रक्षा के लिए सभी सनातनियों को एकजुट होने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा की रक्षा के लिए सभी को एक मंच पर आना होगा और जाति-क्षेत्र के नाम पर बंटने के बजाय एकता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाना होगा। उन्होंने युवाओं से भी धर्म और संस्कृति से जुड़े रहने की अपील की।
हिंदुओं के स्वभाव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, "देखिए, यह इस देश और हिंदुओं का दुर्भाग्य है कि एक हिंदू दूसरे हिंदू का ही विरोध करता है, क्योंकि हिंदू काफी दब्बू होते हैं और पलटकर जवाब नहीं देते, लेकिन कुंडा से हिंदुओं ने पलटकर जवाब देना सीख लिया है कि अब अगर आप हमें उकसाएंगे, तो बख्शे नहीं जाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा, "यह तय है, यह तय है, अयोध्या तो झांकी थी, मथुरा काशी बाकी है।"
'एक गुरु सबका होता है'
जब उनसे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने खुद को दलगत राजनीति से अलग बताया। उन्होंने कहा, "हम सभी दलों के हैं, एक गुरु सबका होता है क्योंकि अगर कोई गुरु सिर्फ एक व्यक्ति का हो जाए, तो वह फिर गुरु नहीं रहता।" उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पंजाब में उनकी आगामी कथा का आयोजन आम आदमी पार्टी (आप) और बीजेपी, दोनों दलों के लोग मिलकर कर रहे हैं, क्योंकि धर्म का मंच किसी एक दल का नहीं होता।
इनपुट: IANS



