H-1B वीजा: अमेरिकी कामगारों को प्राथमिकता देने के लिए ट्रंप ने नई फीस का समर्थन किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मजदूर दिवस (लेबर डे) घोषणापत्र में H-1B वीजा पर नई फीस लगाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि इस…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मजदूर दिवस (लेबर डे) घोषणापत्र में H-1B वीजा पर नई फीस लगाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य अमेरिकी कंपनियों को विदेशी प्रतिभाओं को काम पर रखने से पहले स्थानीय अमेरिकी कामगारों में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह घोषणापत्र 7 सितंबर को मजदूर दिवस के अवसर पर जारी किया गया था, जिसमें मुख्य रूप से मैन्युफैक्चरिंग, व्यापार, टैरिफ और अमेरिकी नौकरियों की सुरक्षा पर जोर दिया गया था। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कि हम अमेरिकी वर्कर्स को नियुक्त और ट्रेन कर रहे हैं, हम एच-1बी वीजा याचिकाओं पर एक नई फीस का प्रस्ताव कर रहे हैं जो कंपनियों को विदेश में लेबर देखने से पहले योग्य अमेरिकियों में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।"
क्या है नया फीस प्रस्ताव?
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (Department of Homeland Security) ने पिछले महीने ही सभी H-1B याचिकाओं के लिए 1,03,265 डॉलर की फीस का प्रस्ताव रखा था। यह उन सभी याचिकाओं पर लागू होगा जो वार्षिक संख्यात्मक सीमा के अधीन हैं, जिसमें उन्नत डिग्री (advanced-degree) की छूट वाली याचिकाएं भी शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, यह राशि याचिका दायर करते समय चुकानी होगी और यह अन्य लागू आव्रजन शुल्कों के अतिरिक्त होगी। इस पैसे का उपयोग कानूनी आव्रजन प्रणाली को चलाने की संघीय लागतों को कवर करने में मदद के लिए किया जाएगा।
भारतीय पेशेवरों पर प्रभाव
H-1B वीजा कार्यक्रम का उपयोग अमेरिका की बड़ी तकनीकी कंपनियां और अन्य नियोक्ता विदेशों से कुशल पेशेवरों को नियुक्त करने के लिए बड़े पैमाने पर करते हैं। ऐतिहासिक रूप से, भारतीय नागरिक इस वीजा के सबसे बड़े लाभार्थी रहे हैं। इसी कारण से, इस कार्यक्रम में किसी भी बदलाव पर भारत और अमेरिका में भारतीय पेशेवर समुदाय की पैनी नजर रहती है।
आर्थिक रणनीति का हिस्सा
ट्रंप ने इस प्रस्ताव को एक व्यापक आर्थिक रणनीति के हिस्से के रूप में प्रस्तुत किया, जिसका लक्ष्य अमेरिकी कामगारों को प्राथमिकता देना है। उन्होंने अपनी 'प्रोटेक्टिव टैरिफ' नीतियों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से अमेरिकी कामगारों की रक्षा करने का श्रेय दिया। ट्रंप ने कहा, "दशकों की खराब व्यापार नीतियों के बाद... कंपनियां अब घर लौट रही हैं, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में ट्रिलियन डॉलर का निवेश कर रही हैं और 9 लाख से ज्यादा अमेरिकी नौकरियां जोड़ रही हैं।"
यह नया प्रस्ताव संघीय नियम बनाने की प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है, जिसका अर्थ है कि यह तुरंत लागू नहीं होगा। इससे पहले, ट्रंप प्रशासन ने नए H-1B वीजा पर 1,00,000 डॉलर की फीस लगाने की कोशिश की थी, जिसे मैसाचुसेट्स के एक संघीय न्यायाधीश ने जून में यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि प्रशासन ने अपने अधिकार का उल्लंघन किया है।
इनपुट: IANS



