ईरानी सांसद का ट्रंप पर तंज, कहा- 106 बार हमारी हार और 88 बार समझौते का दावा करने वाले अविश्वसनीय
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बना हुआ है, जिसके केंद्र में होर्मुज जलडमरूमध्य का मुद्दा है। इस बीच, ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों को 'विरोधाभासी' और…
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बना हुआ है, जिसके केंद्र में होर्मुज जलडमरूमध्य का मुद्दा है। इस बीच, ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों को 'विरोधाभासी' और 'भरोसे के लायक नहीं' बताते हुए उन पर निशाना साधा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य इस्माइल कोवसारी ने ट्रंप के दावों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
कोवसारी ने कहा कि ट्रंप ने 106 बार ईरान की हार की घोषणा की और 88 बार तेहरान के साथ जल्द ही एक समझौता होने का दावा किया, लेकिन इसमें से कुछ भी सच साबित नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने 75 बार यह दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है, जबकि हकीकत में ऐसा नहीं था।
बयानबाजी और तनाव का दौर
यह बयानबाजी ऐसे समय में आई है जब पश्चिम एशिया में संकट गहराया हुआ है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि ईरान के साथ कुछ ही घंटों में समझौता हो सकता है, लेकिन तेहरान ने वाशिंगटन के साथ किसी भी सीधी बातचीत से लगातार इनकार किया है। इसके तुरंत बाद, फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने चेतावनी दी, "होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द खुलेगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो ईरान को बहुत तगड़ा जवाब मिलेगा और उसके बाद यह खुल जाएगा।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि अमेरिका द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा हमला करने की तैयारी में था, लेकिन ईरान की तरफ से बातचीत का संदेश मिलने के बाद इसे रोक दिया गया।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का रुख
बुधवार को ईरानी ब्रॉडकास्टर IRIB ने स्पष्ट किया कि ओमान के साथ जहाजों की आवाजाही पर समझौता होने के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य तुरंत नहीं खोला जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान और ओमान के बीच चल रही बातचीत द्विपक्षीय है और इसका अमेरिका से कोई लेना-देना नहीं है। ईरान का कहना है कि यह जलमार्ग तभी खुलेगा, जब अमेरिका अपने कथित उल्लंघन बंद करेगा।
इनपुट: IANS



