दिल्ली: तिलक नगर में मॉडल मुस्कान की हत्या का आरोपी जिम ट्रेनर, पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी की पहचान…
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी की पहचान मुस्कान के जिम ट्रेनर इमरान के रूप में हुई है, जिसे एक पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में तीन गोलियां लगी हैं।
यह घटना तब हुई जब मुस्कान अपने घर की दूसरी मंजिल पर अकेली थी। आरोपी इमरान कथित तौर पर घर में घुसा, चाकू से उस पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। मुस्कान की चीखें सुनकर जब पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे, तो उन्होंने उसे खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल पाया। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
हत्या के बाद पुलिस को जिम ट्रेनर पर शक था। पश्चिमी जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया, "मुख्य आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई। उसे पकड़ने के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी की गई और कई टीमें लगाई गईं। वह लगातार अपनी जगह बदल रहा था।"
डीसीपी के मुताबिक, इंस्पेक्टर राजेश के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी, जब उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा। जब टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इमरान के पैर में तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



