टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: एक महिला आरोपी पुलिस हिरासत में, 5 न्यायिक हिरासत में भेजे गए
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच अब वित्तीय लेन-देन की परतों को खंगाल रही है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच अब वित्तीय लेन-देन की परतों को खंगाल रही है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार छह आरोपियों को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद मकोका कोर्ट में पेश किया गया।
सुनवाई के बाद अदालत ने एक प्रमुख महिला आरोपी सुनेहा पंडित को 21 नवंबर तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच ने सुनेहा से पूछताछ के लिए छह दिनों की हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। जांचकर्ताओं का मानना है कि मामले में पैसे के लेन-देन और आरोपियों के आपसी संबंधों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनकी पुष्टि के लिए सुनेहा से पूछताछ आवश्यक है।
जांच के केंद्र में पैसों का लेन-देन
पुलिस के अनुसार, सुनेहा पंडित इस मामले के एक फरार आरोपी अभिषेक की पत्नी है। जांच में पता चला है कि अभिषेक विदेश से इस पूरे नेटवर्क के बैंक खातों का संचालन करता था। पुलिस को संदेह है कि टाइगर श्रॉफ की कार पर हमले को अंजाम देने के लिए भी इसी नेटवर्क के एक बैंक खाते से पैसा भेजा गया था। इसके अलावा, जांच एजेंसी को सुनेहा के खाते में भी पैसे आने के सबूत मिले हैं, और अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह रकम उसे किसने और किस उद्देश्य से भेजी थी।
QR कोड और वेंडर्स का इस्तेमाल
इस पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन के लिए 20 से ज़्यादा QR कोड का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। क्राइम ब्रांच अब उन सभी लोगों से पूछताछ करने की तैयारी में है, जिनके QR कोड के ज़रिए पैसे भेजे या प्राप्त किए गए। जांच में यह भी पता चला है कि कुछ वेंडर्स (विक्रेताओं) के खातों में भी पैसे ट्रांसफर हुए थे। पुलिस को शक है कि इन वेंडर्स के QR कोड का इस्तेमाल सिर्फ़ पैसों के लेन-देन को छिपाने के लिए किया गया।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इस हमले में अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक राकेश घायल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी और बाद में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं भी जोड़ी गईं। इस मामले में अब तक लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एंगल समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनपुट: IANS



