तेलंगाना के एक लाख छात्रों को मिलेगी AI और क्लाउड कंप्यूटिंग की मुफ्त ट्रेनिंग, अमेज़न वेब सर्विसेज़ का सहयोग
तेलंगाना में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे एक लाख छात्रों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी भविष्य की तकनीकों का मुफ्त प्रशिक्षण मिलेगा। राज्य सरकार ने इस बड़ी पहल के लिए…
तेलंगाना में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे एक लाख छात्रों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी भविष्य की तकनीकों का मुफ्त प्रशिक्षण मिलेगा। राज्य सरकार ने इस बड़ी पहल के लिए अमेज़न वेब सर्विसेज़ (AWS) के साथ हाथ मिलाया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को उद्योग की ज़रूरतों के हिसाब से तैयार करना है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम को 'तेलंगाना एआई एंड क्लाउड स्किलिंग इनिशिएटिव' के नाम से चलाया जाएगा। सोमवार को हैदराबाद स्थित डॉ. बी.आर. आंबेडकर तेलंगाना सचिवालय में इस संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर राज्य के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि यह पहल छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी।
छात्रों को क्या मिलेगा इस कार्यक्रम में?
इस पहल के तहत राज्य के 643 संबद्ध कॉलेजों के छात्रों को आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा इंजीनियरिंग, मशीन लर्निंग और जेनरेटिव AI जैसे विषय शामिल होंगे। सबसे खास बात यह है कि यह कार्यक्रम सिर्फ इंजीनियरिंग और विज्ञान (STEM) के छात्रों तक सीमित नहीं है। कला एवं वाणिज्य जैसे गैर-एसटीईएम पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए भी विशेष लर्निंग ट्रैक तैयार किए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को अमेज़न वेब सर्विसेज़ के क्लाउड कंसोल पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। साथ ही, उन्हें AWS स्किल बिल्डर प्लेटफॉर्म पर एक साल के लिए 900 से ज़्यादा डिजिटल पाठ्यक्रमों तक मुफ्त पहुंच भी दी जाएगी।
सीखने से लेकर नौकरी तक का सफर
इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ ट्रेनिंग देना नहीं, बल्कि छात्रों को नौकरी के लिए तैयार करना भी है। इसके लिए उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र और हैकाथॉन का आयोजन किया जाएगा, ताकि छात्रों को प्रैक्टिकल अनुभव मिल सके। मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले योग्य छात्रों के लिए 'तेलंगाना एआई एंड क्लाउड स्किलिंग इनिशिएटिव' विशेष रोजगार मेलों का भी आयोजन करेगा।
इसके अलावा, कार्यक्रम का हिस्सा बनने वाले कॉलेजों के शिक्षकों को भी AI और क्लाउड तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। समझौते के दौरान आईटी विभाग के संयुक्त सचिव अनुदीप दुरिशेट्टी और अमेज़न वेब सर्विसेज़ इंडिया के अध्यक्ष संदीप दत्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इनपुट: IANS



