पैकेटबंद खाने पर अब देनी होगी 'हाई शुगर, सॉल्ट, फैट' की चेतावनी, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को निर्देश
अगर आप चिप्स, बिस्कुट या कोई अन्य पैकेटबंद सामान खरीदते हैं, तो जल्द ही आपको उसके पैकेट पर एक बड़ी और स्पष्ट चेतावनी देखने को मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक अहम फैसला सुनाते हुए भारतीय…
अगर आप चिप्स, बिस्कुट या कोई अन्य पैकेटबंद सामान खरीदते हैं, तो जल्द ही आपको उसके पैकेट पर एक बड़ी और स्पष्ट चेतावनी देखने को मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक अहम फैसला सुनाते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि वे पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लगाने के नियमों को जल्द अंतिम रूप दें। यह कदम बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उठाया गया है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह निर्देश '3एस एंड आवर हेल्थ सोसाइटी' नामक एक चैरिटेबल ट्रस्ट की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान आया। याचिका में मांग की गई थी कि जिन खाद्य उत्पादों में नमक, चीनी और वसा की मात्रा अधिक हो, उन पर उपभोक्ताओं को सचेत करने के लिए अनिवार्य लेबलिंग हो।
कैसी होगी चेतावनी?
अदालत ने अपने आदेश में चेतावनी लेबल के डिज़ाइन और आकार को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि पैकेट के सामने वाले हिस्से (मुख्य डिस्प्ले) पर तीन अलग-अलग षट्कोण (हेक्सागोन) बनाए जाएं। इन पर साफ-साफ 'हाई शुगर' (अधिक चीनी), 'हाई सॉल्ट' (अधिक नमक) और 'हाई फैट' (अधिक वसा) लिखा होना चाहिए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि हर चेतावनी चिन्ह पैकेट के सामने के हिस्से का कम से कम 4-5 प्रतिशत हिस्सा घेरे और फॉन्ट इतना बड़ा हो कि ग्राहक आसानी से पढ़ सकें।
लेबलिंग का आधार क्या होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि चेतावनी का आधार उत्पाद में मौजूद कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट की मात्रा होनी चाहिए, न कि सिर्फ वह जो ऊपर से मिलाया गया है। अदालत का मानना है कि इससे उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक पोषण संबंधी जानकारी मिलेगी और वे खरीदारी करते समय एक बेहतर और सेहतमंद निर्णय ले सकेंगे।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि नमक, चीनी और फैट की सीमा तय करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययनों का सहारा लिया जाना चाहिए। यह सीमा न तो इतनी सख्त हो कि हर उत्पाद पर चेतावनी लग जाए और न ही इतनी ढीली कि सेहत के लिए हानिकारक उत्पाद भी बिना चेतावनी के बिकते रहें।
आगे की प्रक्रिया और शिक्षा पर जोर
FSSAI को अब इन निर्देशों के आधार पर नए ड्राफ्ट नियम तैयार करने होंगे। इसके बाद संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी और फिर नियमों को अंतिम रूप देकर अधिसूचित किया जाएगा। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 10 सप्ताह बाद तय की है, जिसमें वह प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करेगी। इसके अलावा, पीठ ने पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया और सुझाव दिया कि स्कूलों व कॉलेजों के पाठ्यक्रम में पोषण शिक्षा को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।
इनपुट: IANS



