डेटा सेंटर के नाम पर ₹1900 करोड़ की धोखाधड़ी: ED ने जालंधर में ₹39 करोड़ की 61 संपत्तियां और जब्त कीं
नई दिल्ली: निवेशकों को डेटा-सेंटर में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर की गई करीब 1,900 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS…
नई दिल्ली: निवेशकों को डेटा-सेंटर में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर की गई करीब 1,900 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ईडी के जालंधर कार्यालय ने 'व्यूनाउ ग्रुप' से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 39.29 करोड़ रुपये की 61 अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है। इनमें फ्लैट और कमर्शियल प्लॉट शामिल हैं।
ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' (PMLA) के तहत 17 नवंबर को जारी एक अस्थायी कुर्की आदेश (PAO) के आधार पर की गई है। जब्त की गई इन 61 अचल संपत्तियों के अलावा एक बैंक खाते में जमा 44.31 लाख रुपये की चल संपत्ति भी कुर्क की गई है। ये सभी संपत्तियां 'व्यूनाउ इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड' और उन लोगों के नाम पर थीं जो इस घोटाले की रकम के हेरफेर में शामिल थे।
कैसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम?
यह पूरा मामला 'व्यूनाउ ग्रुप' की 'माईक्लाउडपार्टिकल' नामक एक स्कीम से जुड़ा है। इस स्कीम के तहत निवेशकों को 'सेल-एंड-लीज-बैक' मॉडल के जरिए 'क्लाउड पार्टिकल्स' या डेटा-सेंटर एसेट्स खरीदने के लिए लुभाया गया। कंपनी ने वादा किया कि वह निवेशकों को 120 महीनों तक हर महीने एक निश्चित किराया देगी।
हालांकि, ईडी की जांच में यह खुलासा हुआ कि कंपनी के पास असल में कोई 'क्लाउड पार्टिकल्स' थे ही नहीं। निवेशकों को बताई गई डेटा-स्टोरेज क्षमता, कंपनी के सर्वर की वास्तविक क्षमता से कहीं ज्यादा थी। इस झूठे वादे के नाम पर कंपनी ने निवेशकों से 3,717 करोड़ रुपये जुटा लिए।
अब तक की कुल कार्रवाई
एजेंसी के मुताबिक, कंपनी ने शुरुआती निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें 1,800 करोड़ रुपये लौटाए, लेकिन बाकी बची 1,917 करोड़ रुपये की रकम की हेराफेरी कर ली गई। इस तरह निवेशकों को न तो कोई रिटर्न मिला और न ही उनका मूलधन वापस मिला।
इस मामले की जांच नोएडा और अन्य राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। ईडी इससे पहले सुखविंदर सिंह खरौर, डिंपल खरौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार कर चुकी है। इस नवीनतम कुर्की को मिलाकर अब तक इस मामले में कुल 236.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। एजेंसी ने 24 अप्रैल, 2025 को जालंधर की विशेष पीएमएलए अदालत में आरोपियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की थी।
इनपुट: IANS



