गुरूवार, 26 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
देश

26/11 मुंबई हमला: आतंकी कसाब को जिंदा पकड़ने वाली टीम के अफ़सर ने सुनाई उस रात की कहानी

26/11 मुंबई आतंकी हमले को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात की भयावहता आज भी लोगों के ज़हन में ताज़ा है। यह दुनिया का पहला ऐसा फ़िदायीन हमला था, जिसमें एक हमलावर ज़िंदा पकड़ा गया। उस आतंकी का नाम था…

26/11 मुंबई हमला: आतंकी कसाब को जिंदा पकड़ने वाली टीम के अफ़सर ने सुनाई उस रात की कहानी
(फोटो: IANS)

26/11 मुंबई आतंकी हमले को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात की भयावहता आज भी लोगों के ज़हन में ताज़ा है। यह दुनिया का पहला ऐसा फ़िदायीन हमला था, जिसमें एक हमलावर ज़िंदा पकड़ा गया। उस आतंकी का नाम था अजमल कसाब, जिसे पकड़ने वाली पुलिस टीम का हिस्सा थे तत्कालीन असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर संजय गोविलकर। समाचार एजेंसी IANS से एक ख़ास बातचीत में उन्होंने उस रात का आंखों देखा हाल बयां किया, जब गिरगांव चौपाटी पर कसाब को दबोचा गया था।

विज्ञापन

संजय गोविलकर (अब सेवानिवृत्त) ने बताया कि कसाब को ज़िंदा पकड़ना भारत के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी, क्योंकि इसी से पाकिस्तान की साज़िश का पर्दाफ़ाश पूरी दुनिया के सामने हुआ। उन्होंने कहा, "सुरक्षाबल इतना गुस्से में थे कि अजमल कसाब को वहीं मार देना चाहते थे लेकिन हमने कसाब को जिंदा पकड़ा।"

गिरगांव चौपाटी पर नाकाबंदी

गोविलकर उस रात डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में तैनात थे। ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के बाद जब उन्होंने न्यूज़ चैनलों पर हमले की ख़बर देखी, तो वह फौरन स्टेशन वापस पहुंचे। वहां से एक सीनियर अधिकारी ने उन्हें गिरगांव चौपाटी पर नाकाबंदी के लिए भेजा। गोविलकर ने बताया कि उनकी 14 लोगों की टीम वॉकी-टॉकी पर ताज होटल, ओबेरॉय होटल और नरीमन पॉइंट पर हो रहे हमलों और धमाकों की ख़बरें लाइव सुन रही थी।

आतंकियों से आमना-सामना

रात करीब 12:15 बजे वायरलेस पर एक संदेश आया कि एक सिल्वर रंग की स्कोडा कार संदिग्धों के साथ उनकी तरफ़ आ रही है। इसके ठीक बाद, लगभग 12:30 बजे, एक कार नाकाबंदी से 50 फुट पहले आकर रुकी। गोविलकर के मुताबिक, पुलिस टीम ने जब उन्हें आगे बढ़ने को कहा तो कार में बैठे लोगों ने यू-टर्न लेने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।

इसके बाद कार चला रहे अबू इस्माइल ने ड्राइविंग सीट से ही गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में टीम के एक सदस्य ने गोली चलाई जो इस्माइल को लगी। इसी बीच, कसाब ने सरेंडर करने का नाटक करते हुए हाथ ऊपर उठाए, लेकिन जैसे ही टीम उसे पकड़ने आगे बढ़ी, उसने अपने पैर के पास रखी AK-47 उठा ली। एक पुलिस अधिकारी तुकाराम ने उसकी राइफल पकड़ ली, लेकिन गोलियों की बौछार में वे शहीद हो गए और गोविलकर को भी गोली लगी। जब कसाब दूसरी मैगज़ीन लोड करने लगा, तभी बाकी पुलिसकर्मियों ने लाठी-डंडों से उस पर काबू पा लिया और उसे ज़िंदा पकड़ लिया।

कसाब को ज़िंदा पकड़ने का महत्व

गोविलकर ने IANS को बताया कि कसाब को ज़िंदा पकड़ने से ही यह पता चल सका कि हमले के पीछे किस देश का हाथ है, कितने आतंकी आए थे और उन्होंने इसकी तैयारी कैसे की थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भारत पर हुए हमलों में पाकिस्तान का हाथ होने के संकेत मिले थे, लेकिन कभी ठोस सबूत पेश नहीं किए जा सके। कसाब की गिरफ़्तारी ने यह सबूत मुहैया कराया। गोविलकर ने 2008 के उस हमले में शहीद हुए 166 लोगों को याद करते हुए उसे एक "काला अध्याय" बताया।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →