नोएडा: शादी का वादा कर महिला से 75 लाख की ठगी और शोषण का आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
नोएडा में एक महिला ने दिल्ली के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने न केवल उससे लगभग 75 लाख रुपए…
नोएडा में एक महिला ने दिल्ली के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने न केवल उससे लगभग 75 लाख रुपए लिए, बल्कि उसकी छोटी बहन से भी 22 लाख रुपए ऐंठ लिए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी सय्यद मोहम्मद रिजवान अहमद से 2011 में हुई थी, जब वह एक प्रोफेसर के साथ काम कर रही थी और आरोपी वहां पीएचडी कर रहा था। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी, लेकिन शोषण का सिलसिला दिसंबर 2022 में शुरू हुआ।
शादी का झांसा और ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़िता के अनुसार, दिसंबर 2022 में आरोपी उसके घर आया और शादी करने की जिद करने लगा। इसी दौरान उसने शादी का भरोसा देकर कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी जानकारी के बिना अश्लील वीडियो भी बना लिए और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। यह सिलसिला मार्च 2026 तक चलता रहा।
लाखों की धोखाधड़ी और धर्म परिवर्तन का दबाव
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस अवधि में आरोपी ने अपनी आर्थिक मजबूरियां बताकर अलग-अलग समय पर उससे करीब 75 लाख रुपए ले लिए। साथ ही उसकी छोटी बहन सौम्या वर्मा से भी लगभग 22 लाख रुपए लिए गए। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने यह रकम इस भरोसे पर दी थी कि वह उससे शादी करेगा।
आरोपों में कहा गया है कि आरोपी और उसकी बहन मिलकर महिला पर धर्म परिवर्तन करके शादी करने का दबाव भी बना रहे थे। जब महिला ने इससे इनकार कर दिया, तो भी दबाव बनाना जारी रखा गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की बहन भी पैसे लेने की इस साजिश में शामिल थी। जब उसे एहसास हुआ कि उनका मकसद शादी करना नहीं, बल्कि शोषण करना है, तो उसने पुलिस से संपर्क किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों, पैसों के लेनदेन, वीडियो और धर्म परिवर्तन के दबाव जैसे पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



