पुणे: कॉलेज के बाहर बेकाबू ट्रक ने 5 छात्रों को रौंदा, 3 की मौत
पुणे के येवलेवाडी इलाके में बुधवार को एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
पुणे के येवलेवाडी इलाके में बुधवार को एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना 'ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च' के मुख्य गेट के सामने उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, डीजे का सामान ले जा रहा यह ट्रक बोपदेव घाट से नीचे उतर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले ट्रक ने अपने आगे चल रही एक हुंडई कार को टक्कर मारी, जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गया और सीधे बस स्टॉप में जा घुसा, जहाँ ये छात्र खड़े थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। येवलेवाडी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मारुति पाटील ने IANS को बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक की पहचान 22 वर्षीय प्रतीक मारुति चव्हाण के रूप में हुई है, जो पुरंदर के मालशिरस का निवासी है। उसे मेडिकल जांच के लिए ससून अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



