कृषि क्षेत्र में भारत का दबदबा: रिकॉर्ड उत्पादन के बाद अल नीनो की चुनौती पर भी खरीफ में बंपर पैदावार की उम्मीद
भारतीय कृषि क्षेत्र ने एक बार फिर अपनी मजबूती का प्रदर्शन किया है। एक ओर जहां देश ने 2025-26 में 3,785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मानसून में देरी जैसी…
भारतीय कृषि क्षेत्र ने एक बार फिर अपनी मजबूती का प्रदर्शन किया है। एक ओर जहां देश ने 2025-26 में 3,785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मानसून में देरी जैसी प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के बावजूद मौजूदा खरीफ सीजन (2026-27) में भी शानदार पैदावार की उम्मीद है। गुरुवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी साझा की।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के अथक परिश्रम और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों के चलते भारत आज कई कृषि उत्पादों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश न केवल अपनी घरेलू जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
2025-26: रिकॉर्डतोड़ उत्पादन का साल
जारी किए गए अंतिम अनुमानों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 3,785.38 लाख टन रहा, जो पिछले साल (2024-25) के 3,577.32 लाख टन से 208.06 लाख टन अधिक है।
- चावल और गेहूं: चावल का उत्पादन 1,551.54 लाख टन और गेहूं का 1,220.64 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा।
- दलहन और तिलहन: कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन और तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन रहा, जो अब तक का सर्वाधिक है।
- श्री अन्न व अन्य फसलें: पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें 'श्री अन्न' की हिस्सेदारी 172.09 लाख टन है। मक्का का उत्पादन भी 550.25 लाख टन के स्तर पर पहुंच गया।
चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में हौसला बुलंद
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस साल खरीफ सीजन की शुरुआत मुश्किलों भरी रही। अल नीनो की वापसी, जून में 35 से 40 प्रतिशत कम बारिश और कई प्रमुख कृषि राज्यों में सूखे जैसी स्थिति ने बुवाई को प्रभावित किया। इसके बावजूद, किसानों के साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल किस्मों की बदौलत खरीफ में कुल 1,671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन ज़्यादा है।
इस सीजन में खरीफ चावल 1,219.05 लाख टन, कुल दलहन 71.32 लाख टन और कुल तिलहन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है।
वैश्विक कृषि में भारत की स्थिति
शिवराज सिंह चौहान ने इस बात पर जोर दिया कि भारत आज चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज (मिलेट्स) और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। वहीं, गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों में चीन के बाद दूसरे और गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा, "आज दुनिया में भारतीय चावल धूम मचा रहा है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।"
अब दलहन और तिलहन पर फोकस
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं में आत्मनिर्भरता हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण पर है। उन्होंने कहा कि देश में दालों और खाद्य तेलों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 'दलहन मिशन' और 'तिलहन मिशन' के जरिए उत्पादन बढ़ाने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम आंकड़ों में दिख रहे हैं।
इनपुट: IANS



