नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हमले के बाद गरमाई सियासत, मजीठिया ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, CBI जांच की मांग
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ गुरुद्वारा में हुए हमले के बाद पंजाब की राजनीति में उबाल आ गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना को एक बड़ी साजिश…
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ गुरुद्वारा में हुए हमले के बाद पंजाब की राजनीति में उबाल आ गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना को एक बड़ी साजिश का हिस्सा बताते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस हमले के लिए पंजाब की भगवंत मान सरकार को घेरते हुए इसे खुफिया तंत्र की बड़ी विफलता करार दिया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मजीठिया ने आरोप लगाया कि यह दूसरा हमला पंजाब सरकार द्वारा पहले हुए हमले की जांच में की गई देरी का नतीजा है। उन्होंने कहा, "आप अपने प्रदेश की जनता की रक्षा और सुरक्षा को इतने हल्के में नहीं ले सकते।" मजीठिया ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी अपील की है कि वे इस मामले में सीबीआई जांच के आदेश दें।
हमलावर की पृष्ठभूमि पर उठाए सवाल
बिक्रम मजीठिया ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "यह एक बड़ी इंटेलिजेंस विफलता है। नारायण सिंह चौरा का बैकग्राउंड चेक करो। पंजाब पुलिस की फाइल के अनुसार वह आईएसआई का एजेंट है।" उन्होंने दावा किया कि हमलावर को पाकिस्तान से ट्रेनिंग मिली है और उससे आरडीएक्स व एके-47 जैसी चीजें बरामद हो चुकी हैं। मजीठिया ने पूछा, "ऐसे आदमी को जेड प्लस सुरक्षा वाले इंसान के पास क्यों आने दिया गया?" उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस फाइलों के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल और प्रकाश सिंह बादल 30 साल से उसके निशाने पर हैं।
परिवार के सामने हमले की निंदा
सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा करते हुए मजीठिया ने कहा कि यह घटना और भी निंदनीय है क्योंकि यह गुरुद्वारे के पवित्र परिसर में उनके परिवार के सामने हुई। उन्होंने कहा, "परमात्मा ने सुखबीर सिंह बादल को बचाया। उनके बच्चे, पत्नी हरसिमरत कौर बादल और परिवार के रिश्तेदार गुरुसाहब के चरणों में नतमस्तक होने गए थे। परिवार और बच्चों के सामने गुरुद्वारे में कोई ऐसी हरकत करे, यह बहुत ही निंदनीय है।" मजीठिया ने सोशल मीडिया पर भी इसे पंजाब के नरमपंथी नेतृत्व को खत्म करने की साजिश बताया और कहा कि हर हमले का हिसाब लिया जाएगा।
इनपुट: IANS



