शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 325 अंक टूटा, जानिए कौन-से शेयर चढ़े और कौन-से लुढ़के
भारतीय शेयर बाजारों के लिए बुधवार का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा और कारोबार के अंत में यह गिरावट के साथ बंद हुआ। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के…
भारतीय शेयर बाजारों के लिए बुधवार का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा और कारोबार के अंत में यह गिरावट के साथ बंद हुआ। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स जारी होने से पहले सतर्कता का माहौल देखा गया, जिसके दबाव में बाजार लाल निशान में बंद हुआ। सेंसेक्स 325.78 अंक (0.42%) गिरकर 76,909.68 पर और निफ्टी 76.60 अंक (0.32%) की कमजोरी के साथ 24,078.30 पर आ गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को यह चिंता है कि महंगाई को लेकर फेड सख्त रुख अपना सकता है। इसके अलावा, अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर खत्म होने के बाद कूटनीतिक समाधान न निकलने से कच्चे तेल की कीमतों और बॉन्ड यील्ड में तेजी बनी हुई है, जिससे निवेशकों के लिए जोखिम बढ़ गया है।
सेक्टरों का हाल: IT शेयरों में तेजी, डिफेंस-एनर्जी में बड़ी गिरावट
बुधवार को बाजार में चौतरफा बिकवाली का दबाव था, लेकिन कुछ सेक्टर इस गिरावट से बचे रहे। निफ्टी आईटी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। दूसरी तरफ, सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी इंडिया डिफेंस (1.49%) और निफ्टी एनर्जी (1.18%) में दर्ज की गई। इनके अलावा मीडिया, पीएसई, इंफ्रा, कमोडिटीज, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, हेल्थकेयर, ऑटो और फार्मा समेत ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में ही बंद हुए।
लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप सभी में बिकवाली
बाजार में यह गिरावट सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 130.65 अंक (0.21%) फिसलकर 63,408.75 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 101.70 अंक (0.51%) की बड़ी कमजोरी देखी गई और यह 19,707.15 पर बंद हुआ।
चढ़ने और गिरने वाले प्रमुख शेयर
बढ़त वाले शेयर (गेनर्स): सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, टाइटन, टीसीएस, इन्फोसिस और ट्रेंट के शेयरों में तेजी रही।
गिरावट वाले शेयर (लूजर्स): पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, आईटीसी, एचयूएल, बीईएल, इंडिगो, एसबीआई, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
इनपुट: IANS



