सोनिया गांधी नागरिकता मामला: 1980 की वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट सौंपी
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से जुड़े नागरिकता विवाद मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस बात की पुष्टि की…
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से जुड़े नागरिकता विवाद मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि 1980 में जब सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में दर्ज हुआ था, तब वह भारत की नागरिक नहीं थीं। उन्होंने भारतीय नागरिकता इसके तीन साल बाद 1983 में हासिल की थी।
पुलिस ने अदालत को सूचित किया कि इन तथ्यों का सत्यापन जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और गृह मंत्रालय से किया जा चुका है। हालांकि, जांच को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से कुछ और रिकॉर्ड मांगे गए हैं, जिनके जवाब का इंतजार है। अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला एक याचिका पर आधारित है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले ही 1980 में नई दिल्ली की मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था। याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया है कि यह किस आधार पर और किन दस्तावेजों का उपयोग करके किया गया। याचिका में इस प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है।
शिकायत में यह भी पूछा गया है कि यदि उनका नाम 1980 में सूची में था, तो उसे 1982 में क्यों हटाया गया और फिर नागरिकता मिलने के बाद दोबारा कैसे जोड़ा गया।
न्यायिक प्रक्रिया और पृष्ठभूमि
यह शिकायत अधिवक्ता विकास त्रिपाठी द्वारा एफआईआर दर्ज करने की मांग के साथ दायर की गई है। उन्होंने अदालत में 1980, 1981 और 1983 की सत्यापित मतदाता सूचियों की प्रतियां भी जमा की हैं। इससे पहले 18 नवंबर को अदालत ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी थी। उल्लेखनीय है कि 21 सितंबर को एक विशेष अदालत ने निचली मजिस्ट्रेट अदालत के एक आदेश को रद्द करते हुए मामले पर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया था।
इनपुट: IANS



