IPO से पहले शेयरों की खरीद-बिक्री के लिए SEBI ला सकता है नया एक्सचेंज, जानें क्या है योजना
शेयर बाजार नियामक SEBI एक ऐसी व्यवस्था पर विचार कर रहा है जो IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म तैयार करेगी। इस कदम का मकसद कंपनियों के बाजार में…
शेयर बाजार नियामक SEBI एक ऐसी व्यवस्था पर विचार कर रहा है जो IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म तैयार करेगी। इस कदम का मकसद कंपनियों के बाजार में लिस्ट होने से पहले होने वाले शेयर लेनदेन को और पारदर्शी बनाना और इसे अपनी सीधी निगरानी में लाना है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो यह अनौपचारिक 'ग्रे मार्केट' पर निवेशकों की निर्भरता को कम कर सकता है।
यह जानकारी SEBI के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शनिवार को मुंबई में सीएनबीसी आवाज मार्केट महाकुंभ कार्यक्रम में दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पांडे ने संकेत दिया कि नियामक एक ऐसे ढांचे की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है, जिसके तहत IPO की प्रक्रिया में शामिल कंपनियों के शेयर एक विनियमित माहौल में ट्रेड हो सकें।
ग्रे मार्केट पर लगेगी लगाम
मौजूदा समय में, कई कंपनियों के शेयर उनके IPO आने से पहले एक अनौपचारिक बाजार में ट्रेड होते हैं, जिसे 'ग्रे मार्केट' कहा जाता है। निवेशक अक्सर ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) को इस बात का संकेत मानते हैं कि लिस्टिंग के बाद शेयर का प्रदर्शन कैसा रहेगा। हालांकि, यह पूरा कारोबार मान्यता प्राप्त एक्सचेंजों के दायरे से बाहर होता है, जिस पर पारदर्शिता और निवेशक सुरक्षा जैसे नियम लागू नहीं होते।
SEBI का मानना है कि एक समर्पित प्री-IPO एक्सचेंज इस स्थिति को बदल सकता है। इससे निवेशकों को कंपनियों के बारे में बेहतर और प्रमाणित जानकारी मिलेगी और सारे लेनदेन नियामक की निगरानी में होंगे, जिससे एक सुरक्षित माहौल बनेगा।
प्रारंभिक चरण में है प्रस्ताव
यह प्रस्ताव अभी शुरुआती दौर में है और बाजार नियामक इसके कई पहलुओं का मूल्यांकन कर रहा है। इसमें यह तय किया जाना शामिल है कि इस प्लेटफॉर्म के लिए कंपनियों की पात्रता क्या होगी, उन्हें कौन सी जानकारी देनी होगी, निवेशकों के हितों की रक्षा कैसे की जाएगी और कंपनियां किस चरण में इस पर शामिल हो सकेंगी। इस पहल को भारत के पूंजी बाजार को और मजबूत करने की रणनीति का एक हिस्सा माना जा रहा है।
बढ़ते निवेशक और आसान होते नियम
अपने संबोधन में तुहिन कांत पांडे ने भारतीय इक्विटी बाजार के तेज विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि देश में अब 6,700 से ज्यादा कंपनियां लिस्टेड हैं और वित्त वर्ष 2018-19 के बाद से यूनिक निवेशकों की संख्या लगभग चार गुना बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि रिटेल निवेशकों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए निवेश प्रक्रिया को सरल बनाना और अनावश्यक बाधाओं को दूर करना जरूरी है, लेकिन निवेशकों के हितों की सुरक्षा हमेशा प्राथमिकता रहेगी। पांडे ने यह भी बताया कि SEBI ने हाल में बाजार तक पहुंच आसान बनाने के लिए कई सुधार किए हैं, जिसमें रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट से जुड़े निवेश नियमों को अधिक व्यावहारिक बनाना शामिल है।
इनपुट: IANS



